‘इंसानियत’ ने थामा बेसहारा नीतीश का हाथ, अपनों की तलाश में जुटे सेवादार
‘इंसानियत’ ने थामा बेसहारा नीतीश का हाथ, अपनों की तलाश में जुटे सेवादार
संगरिया, सच कहूँ/सुरेंद्र जग्गा। Sangaria News: कहते हैं, इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं। इसी भावना को निभाते हुए संगरिया के सेवादारों ने मानसिक रूप से परेशान एक बेसहारा युवक को सहारा दिया और उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी है।
लावारिस हालत में मिला युवक
जानकारी के अनुसार, बीती रात हनुमानगढ़ रोड पर करीब 20-25 वर्षीय युवक लावारिस हालत में घूम रहा था। सेवादार सुरेश प्रजापत इन्सां ने इसकी सूचना शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी के जिम्मेवार लाल चंद इन्सां को दी। मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण युवक अपने घर और परिवार के बारे में कुछ बता नहीं पा रहा था।
सेवादारों ने संभाली जिम्मेदारी
सूचना मिलते ही सेवादारों ने युवक को चाय-पानी पिलाया और पुलिस प्रशासन को जानकारी दी। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे संगरिया स्थित मानवता भलाई केंद्र लाया गया। यहां उसे नहलाया गया, नए कपड़े दिए गए और खाने-पीने व रहने की व्यवस्था की गई। युवक ने अपना नाम नीतीश बताया है।
अपनों से मिलाने की कोशिश जारी
सेवादार लाल चंद इन्सां, महेश गोयल, लवली गर्ग, सुरेन्द्र जग्गा, अमरा राम, सुखदेव और बबलू गर्ग पुलिस के सहयोग से युवक के परिजनों की तलाश में जुटे हैं। सोशल मीडिया के जरिए भी उसके परिवार और घर का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सेवादारों ने भरोसा दिलाया है कि नीतीश के अपनों का पता चलने तक मानवता भलाई केंद्र में उसकी देखभाल और सेवा जारी रहेगी।
