Ellenabad Missing Family Case: ऐलनाबाद से लापता परिवार के साथ हुआ बड़ा घटनाक्रम

इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी व इकलौती बेटी के शव इंदिरा गांधी नहर में मिले, पत्नी की तलाश जारी

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। हरियाणा के सिरसा जिले के ऐलनाबाद से तीन दिन पहले लापता हुए परिवार के मामले में दर्दनाक घटनाक्रम सामने आया है। टिब्बी क्षेत्र में इंदिरा गांधी नहर से इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी भरत सिंह सहारण और उनकी 24 वर्षीय बेटी लता के शव बरामद हुए हैं। वहीं, भरत सिंह की पत्नी मंजू की तलाश जारी है। तलवाड़ा झील थाना पुलिस गोताखोरों की मदद से नहर में खोज अभियान चला रही है। परिवार के दो सदस्यों की मौत से ऐलनाबाद में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, ऐलनाबाद की ढाणी शेरांवाली निवासी भरत सिंह सहारण 16 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे अपनी पत्नी मंजू और बेटी लता के साथ बाइक पर घर से निकले थे। भरत सिंह की ऐलनाबाद में नोहर रोड पर इलेक्ट्रॉनिक्स की पुरानी दुकान है। करीब एक घंटे बाद तीनों मसीतांवाली हेड पर लगे सीसीटीवी कैमरों में नजर आए थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। तीनों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने ऐलनाबाद पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी।

परिजन उनकी तलाश में जुटे थे और नहर के आसपास लोगों से पूछताछ कर रहे थे। मसीतांवाली हेड पर मिली सीसीटीवी फुटेज को उनकी आखिरी लोकेशन पाई गई। रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे टिब्बी क्षेत्र के गांव डबली कलां के पास इंदिरा गांधी नहर में एक युवती का शव बहता दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने शव की पहचान 24 वर्षीय लता के रूप में की। गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। इसके कुछ समय बाद भरत सिंह का शव भी नहर से बरामद हो गया। दोनों शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। परिजनों की पहचान के बाद शवों को ऐलनाबाद ले जाया गया और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया। सोमवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।

बीबीए की पढ़ाई कर रही थी लता, परिवार में इकलौती बेटी थी

परिजनों के अनुसार, भरत सिंह सहारण दो भाई हैं और दोनों ढाणी शेरांवाली में साथ रहते हैं। उनकी पत्नी मंजू गृहिणी हैं, जबकि बेटी लता बीबीए की पढ़ाई कर रही थी। लता परिवार की इकलौती बेटी थी। पिता और बेटी के शव मिलने की खबर से परिजन और परिचित सदमे में हैं।

मंजू की तलाश जारी, घटना के कारणों की जांच

भरत सिंह और लता के शव मिलने के बाद अब पुलिस और गोताखोरों की टीम मंजू की तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि परिवार बाइक सहित नहर में गिरा हो सकता है, लेकिन घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। परिजनों के बयान दर्ज करने और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

About The Author

Related Posts