Diwali 2026: दीपावली के लिए गोबर और मिट्टी के दीये बना रहीं स्वसहायता समूह की महिलाएं
दीपावली के लिए गोबर और मिट्टी के दीये बना रहीं स्वसहायता समूह की महिलाएं
पन्ना। Diwali 2026: दीपावली पर्व पर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिलाओं को आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पन्ना जिले में स्वसहायता समूह की महिलाएं गोबर और मिट्टी के दीये तैयार कर रही हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी के मार्गदर्शन में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से यह पहल की जा रही है।
जिला परियोजना प्रबंधक प्रमोद शुक्ला ने बताया कि पन्ना विकासखंड के ग्राम रक्सेहा में वैष्णव माता स्वसहायता समूह की सदस्य पुष्पा मंडल, मीना दास और अन्य महिलाएं गौ काष्ठ एवं गोबर से दीपक तैयार कर रही हैं। ग्राम संगठन रक्सेहा की अध्यक्ष ऊषा सरकार के प्रोत्साहन और सहयोग से इस कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है। समूह द्वारा बनाए जा रहे दीये दीपावली पर बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे।
दीपावली पर घरों के भीतर और बाहर दीपक सजाने की परंपरा है। गोबर से बने दीयों को पर्यावरण के अनुकूल विकल्प के रूप में बढ़ावा देने की दिशा में यह प्रयास किया जा रहा है। इस पहल में आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक लघु उद्यमिता विकास ओमप्रकाश सोनी, विकासखंड प्रबंधक विवेक कुमार मिश्रा और क्लस्टर प्रभारी शीतल द्विवेदी का भी योगदान है।
