Karwa Chauth 2026: करवा चौथ से पहले सरसा के बाजारों में रौनक, ब्यूटी पार्लरों में महिलाओं की दिखी लंबी लाइने

साड़ी, डिजाइनर सूट, चूड़ी और मैचिंग ज्वेलरी की दुकानों पर बढ़ी महिलाओं की भीड़

Published On

Karwa Chauth News: सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। करवा चौथ की तारीख नजदीक आते ही सरसा के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। सुहागिनों के शृंगार से लेकर पूजा की तैयारियों तक, हर तरफ खरीददारी का उत्साह नजर आ रहा है। कोई पसंदीदा साड़ी और डिजाइनर सूट तलाश रही है तो कोई मैचिंग चूड़ियों और ज्वेलरी की खरीदारी में जुटी है।

पर्व पर खास दिखने की तैयारी ऐसी है कि ब्यूटी पार्लरों में मेकअप, फेशियल और मेहंदी के लिए अभी से एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। बाजारों की बढ़ती चहल-पहल से दुकानदारों को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद बंधी है। कपड़ा विक्रेता शंटी बांसल ने बताया कि महिलाएं करवा चौथ पर पहनने के लिए साड़ी, डिजाइनर सूट, फैंसी ड्रेस और इंडो-वेस्टर्न परिधानों को पसंद कर रही हैं। मैचिंग दुपट्टों की भी मांग बनी हुई है। 

वहीं, कॉस्मेटिक विक्रेता योगेश जैन के अनुसार महिलाएं अपनी ड्रेस के अनुरूप हल्की और आकर्षक ज्वेलरी खरीद रही हैं। इसके अलावा पूजा की थाली, छलनी, करवा और अन्य पूजन सामग्री की दुकानों पर भी खरीदारी हो रही है। ब्यूटी पार्लर संचालिका कमलेश रानी ने बताया कि मेकअप, फेशियल और हेयर स्टाइलिंग के लिए एडवांस बुकिंग मिल रही है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष पैकेज और छूट भी दी जा रही है। वहीं, मीनाक्षी ने बताया कि मेहंदी, स्किन केयर और पार्टी मेकअप की मांग बढ़ रही है। 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts