जाखल-तलवाड़ा रोड पर अस्थायी फाटक शुरू, बसों का आवागमन भी बहाल
तीन महीने से बंद रास्ता खुलने से किसानों, व्यापारियों और क्षेत्रवासियों में खुशी; जाखल बस स्टैंड से रतिया, कुलां, टोहाना, भूना और फतेहाबाद जाने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत
जाखल, सच कहूँ/तरसेम सिंह। Jakhal News: जाखल-तलवाड़ा रोड पर अस्थायी रेलवे फाटक और वैकल्पिक मार्ग शुरू होने से किसानों, व्यापारियों, यात्रियों और क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। रेलवे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज के निर्माण के कारण करीब तीन महीने से प्रभावित आवागमन बहाल होने से बड़े वाहनों के साथ बसों की आवाजाही भी आसान होगी। इससे जाखल मंडी और आसपास के हरियाणा क्षेत्र के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। बस स्टैंड पर बसों के पहुंचने से चहल-पहल शुरू हो गई है 3 महीने से बस स्टैंड भी सुनसान नजर आता था।
रेलवे लाइन के एक ओर जाखल मंडी और दूसरी ओर हरियाणा का बड़ा क्षेत्र होने के कारण यह मार्ग आवागमन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। रेलवे फाटक नंबर 167 और 169 पर निर्माण कार्य के चलते बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई थी। जाखल गांव और जाखल मंडी के बीच बने अंडरब्रिज से केवल छोटे वाहन ही गुजर पा रहे थे, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, कैंटर, ट्रक और बसों को निकलने में परेशानी हो रही थी।
10 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाने से मिलेगी राहत
रास्ता बंद होने के कारण वाहन चालकों को रोजाना करीब 10 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा था। बड़े वाहनों को वाया टोहाना-मूनक या रतिया से वाया बरेटा होकर पंजाब की ओर जाना पड़ता था। इससे किसानों, व्यापारियों और आम लोगों का समय और खर्च बढ़ रहा था। वैकल्पिक रास्ते की मांग को लेकर किसान संगठनों और क्षेत्रवासियों ने लगातार आवाज उठाई थी। अब अस्थायी फाटक शुरू होने से धान के सीजन में किसानों को फसल मंडी तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, वहीं व्यापारियों को भी कारोबार में राहत मिलने की उम्मीद है।
जाखल बस स्टैंड से पांच शहरों के लिए बस सेवा बहाल
रेलवे फाटकों पर निर्माण कार्य के कारण बसें जाखल बस स्टैंड तक नहीं पहुंच पा रही थीं। यात्रियों को बिजली घर और पुलिस थाने के आसपास उतरना पड़ता था। इसके बाद उन्हें बस स्टैंड या शहर तक पहुंचने के लिए थ्री व्हीलर अथवा अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ता था। इससे बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों और रोजाना सफर करने वाले लोगों को परेशानी होती थी।
अब बसों का आवागमन बहाल होने से जाखल बस स्टैंड से रतिया, कुलां, टोहाना, भूना और फतेहाबाद जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। यात्रियों को बस पकड़ने के लिए दूसरे स्थानों पर जाने और अतिरिक्त किराया खर्च करने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
किसानों, व्यापारियों और क्षेत्रवासियों में खुशी
अस्थायी फाटक शुरू होने से जाखल मंडी के व्यापारी वर्ग, किसानों, क्षेत्र के गणमान्य लोगों, पंच-सरपंचों और ब्लॉक समिति सदस्यों में खुशी है। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि स्थायी रेलवे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज का निर्माण पूरा होने तक अस्थायी व्यवस्था सुचारू रूप से जारी रहेगी। इससे किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

Comments