कालांवाली के किसानों ने धान कटौती और अव्यवस्था सहित अनके शिकाएतें रखी कृषि मंत्री के सामने

मंत्री ने शिकायतें सुनकर अधिकारियों को उचित कार्रवाई के दिए निर्देश 

Published On

ओढ़ां (सच कहूँ/राजू)। कालांवाली अनाज मंडी में धान की खरीद में कटौती और अव्यवस्थाओं को लेकर किसानों ने कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा के सामने रोष जताया। किसानों ने आरोप लगाया कि सेलर संचालक नमी के नाम पर मनमानी कटौती कर रहे हैं। किसान नेताओं सत्ता सिंह चहल और बंता सिंह बडिंग सहित अन्य किसानों ने नारेबाजी कर नियमानुसार खरीद सुनिश्चित करने की मांग की।

किसानों ने कहा कि बीज, खाद, कीटनाशक, सिंचाई, मजदूरी और डीजल पर खर्च करने के बाद फसल मंडी तक पहुंचाई जाती है। इसके बावजूद खरीद के समय कटौती से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि नमी की जांच निर्धारित नियमों के अनुसार हो और मनमानी कटौती पर रोक लगे। मंत्री ने शिकायतें सुनकर अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।

फग्गू के किसानों की खरीद नहीं होने की शिकायत

कच्चा आढ़ती एसोसिएशन ने मंडी में धान उतारने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध करवाने की मांग उठाई। आढ़तियों ने कहा कि जगह की कमी से खरीद प्रभावित हो रही है और किसानों को फसल लेकर इंतजार करना पड़ता है। इस दौरान फग्गू क्षेत्र के किसानों ने भी फसल मंडी में पहुंचने के बावजूद खरीद नहीं होने की शिकायत की। मंत्री ने कालांवाली के एसडीएम मोहित महराणा को मामले की जांच करवाकर खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान प्रदीप जैन ने मंत्री को मांगपत्र सौंपकर धान की लिफ्टिंग में तेजी लाने, डबवाली रोड की ओर स्थित मंडी गेट खुलवाने और मिलरों की संख्या बढ़ाने की मांग की। किसानों ने धान की खरीद में पारदर्शिता और नमी के नाम पर कथित मनमानी कटौती रोकने की मांग की, जबकि आढ़तियों ने मंडी में पर्याप्त जगह और सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया।

डबवाली मंडी में खाद की कमी नहीं होने देंगे: कृषि मंत्री

डबवाली (सच कहूँ/सुभाष)। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने रविवार को डबवाली की नई अनाज मंडी का निरीक्षण कर धान खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने किसानों, मजदूरों और आढ़तियों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली। मंत्री ने आश्वासन दिया कि प्रदेश में डीएपी और यूरिया खाद की कमी नहीं आने दी जाएगी तथा किसानों को फसल बेचने में परेशानी नहीं होने दी जाएगी। मार्केट कमेटी चेयरमैन सतीश जग्गा ने अबूबशहर सब-यार्ड को किन्नू मंडी घोषित करने और अबूबशहर व चौटाला सब-यार्ड में विकास कार्य मंजूर करने पर आभार जताया।

उन्होंने पन्नीवाला मोरिका, बनवाला और मांगेआना के नए खरीद केंद्रों पर पक्के प्लेटफार्म, चारदीवारी और अन्य सुविधाओं के लिए बजट मंजूर करने की मांग रखी। साथ ही डबवाली मंडी के बी-ब्लॉक में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग भी उठाई। मंत्री ने मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा, हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देव कुमार शर्मा, एसडीएम योगेश दिलहौर, डीएसपी योगेश कटारिया, डीएमईओ राहुल कुंडू, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणु शर्मा, मार्केट कमेटी उपाध्यक्ष अमीलाल पारीक और सचिव अजय सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts