पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष की बेटी की जेई पदोन्नति हुई रद्द, देखें रद्द होने का ये बड़ा कारण
विश्वविद्यालय ने सत्यापन में प्रमाणपत्र को फर्जी बताया, क्लर्क पद पर लौटने के आदेश
नारनौल (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दयाराम यादव की बेटी पिंकी यादव की कनिष्ठ अभियंता (सिविल) पद पर पदोन्नति रद्द कर दी है। विभाग के अनुसार, पदोन्नति के लिए प्रस्तुत अरनी विश्वविद्यालय, हिमाचल प्रदेश के सिविल इंजीनियरिंग डिप्लोमा को सत्यापन में फर्जी पाया गया।
इसके बाद इंजीनियर-इन-चीफ की ओर से उन्हें वापस मूल क्लर्क पद पर भेजने के आदेश जारी किए गए हैं। पिंकी यादव वर्ष 2020 में विभाग में क्लर्क के पद पर भर्ती हुई थीं। उन्हें 10 सितंबर 2025 को डिप्लोमा के आधार पर जेई पद पर पदोन्नति मिली थी और अगले दिन उन्होंने कार्यभार संभाल लिया था। प्रमाणपत्र को लेकर शिकायत मिलने के बाद विभाग ने विश्वविद्यालय से सत्यापन कराया। विश्वविद्यालय ने 28 जुलाई को प्रमाणपत्र को फर्जी बताते हुए जवाब भेजा। इसके बाद विभाग ने पिंकी यादव से स्पष्टीकरण भी मांगा।
अतिरिक्त वेतन की होगी वसूली
विभाग ने संबंधित अधिकारियों को जेई पद पर 10 सितंबर 2025 से मिले वेतन और भत्तों का हिसाब तैयार करने के निर्देश दिए हैं। क्लर्क पद के वेतन से तुलना कर अतिरिक्त भुगतान की राशि तय की जाएगी। इसके बाद नियमानुसार वसूली या वेतन से समायोजन किया जाएगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस आदेश से अन्य कर्मचारियों की पदोन्नति प्रभावित नहीं होगी। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दयाराम यादव ने कहा कि उनकी बेटी का प्रमाणपत्र सही है और पदोन्नति रद्द करने का फैसला जल्दबाजी में लिया गया है। उन्होंने मामले की दोबारा जांच कराने की मांग की है।