AYUSH Department Raid: जींद के अवैध होम्योपैथिक सेंटर पर काउसिल रजिस्ट्रर और आयुष विभाग का छापा
सेंटर से दवाइयां, बिल बुक और ओपीडी रिकॉर्ड मिले, धोखाधड़ी का केस दर्ज
AYUSH Department Raid: जींद (सच कहूँ न्यूज)। गांव अमरावली खेड़ा के पास कथित रूप से अवैध तरीके से चल रहे एक हेल्थ केयर सेंटर पर आयुष विभाग की टीम ने छापा मारा। जांच के दौरान संचालक मनोज प्रैक्टिस से संबंधित वैध लाइसेंस या अन्य दस्तावेज नहीं दिखा सका। टीम को सेंटर से काफी मात्रा में होम्योपैथिक दवाइयां, बिल बुक, ओपीडी बुक और कैश बुक मिलीं। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा होम्योपैथिक काउंसिल के रजिस्ट्रार डॉ. वैभव बिडानी, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. अमित रोहिला और मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिवम गांधी ने पुलिस के साथ सेंटर पर दबिश दी। बताया गया कि संचालक इंटरनेट मीडिया पर कई गंभीर बीमारियों का होम्योपैथिक उपचार करने के दावे कर रहा था। इस संबंध में सीएम विंडो पर भी शिकायत दी गई थी। सेंटर के बोर्ड पर गठिया, जोड़ों के दर्द, थायरॉयड, एलर्जी, बवासीर और अन्य बीमारियों का सस्ता व स्थायी इलाज करने का दावा किया गया था। जांच अधिकारी चंद्र सिंह के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।