नहर किनारे फेंकी मिलीं जहरीली कृषि दवाइयां और बीज

सल्फास, कीटनाशक और हजारों पैकेट खुले में मिले, जांच शुरू

Published On

फतेहाबाद (सच कहूँ/विनोद शर्मा)। Fatehabad News: रतिया में भूना रोड स्थित नहर के किनारे बड़ी मात्रा में एक्सपायरी कृषि दवाइयां, जहरीले कीटनाशक और रसायन लगे बीजों के पैकेट फेंके मिले। इनमें सल्फास, चूहे मारने की दवा और मक्का, ज्वार, जौ, सरसों, बाजरा व ग्वार के हजारों पैकेट शामिल हैं। सूचना मिलने पर कृषि विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह सैर करने निकले लोगों ने नहर किनारे दवाइयां और बीज बिखरे देखे। कुछ लोग वहां से सामान उठाकर भी ले गए। बोतलों से प्लास्टिक और एल्यूमीनियम निकालने के दौरान जहरीले रसायन फैलने से इलाके में दुर्गंध भी फैल गई। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि ये रसायन नहर के पानी में मिल जाते तो बड़ा नुकसान हो सकता था।

बैच नंबर दर्ज कर सामग्री हटवाई

खंड कृषि अधिकारी संदीप ने टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया और दवाइयों के बैच नंबर दर्ज किए। एसडीएम के निर्देश पर जेसीबी से गहरा गड्ढा खुदवाकर सामग्री डंप करवाई गई। दोषियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारी ने लोगों और किसानों से अपील की कि उठाई गई किसी भी दवा या बीज का इस्तेमाल न करें। इन्हें बच्चों और पशुओं से दूर रखें। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Related Posts