शिक्षा और रोजगार
Punjab News: पंजाब विधानसभा का 22 से 27 अक्तूबर तक चलेगा सत्र
चार दिन चलेगा सत्र, किसानों के मुद्दों और सीबीआई-ईडी की कार्रवाई पर आ सकते हैं प्रस्ताव
चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Punjab News: पंजाब सरकार ने विधानसभा का शीतकालीन सत्र बुला लिया है। सत्र 22 अक्टूबर, वीरवार से शुरू होकर 27 अक्टूबर, मंगलवार तक चलेगा। शनिवार और रविवार को अवकाश रहेगा। कुल चार दिन विधानसभा की कार्यवाही होगी। विधानसभा की ओर से सत्र का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है और तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पिछला सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया था, इसलिए नए सत्र के लिए राज्यपाल की अनुमति लेने की जरूरत नहीं है।
किसानों के मुद्दों पर होगी चर्चा
सत्र के दौरान किसानों से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रस्ताव पेश किए जा सकते हैं। पंजाब सरकार किसानों की मांगों के समर्थन में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की तैयारी कर रही है।
सीबीआई-ईडी की कार्रवाई पर घेराबंदी
विधानसभा में पंजाब में सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के खिलाफ भी प्रस्ताव लाया जा सकता है। इस मुद्दे पर केंद्र की भाजपा सरकार को घेरने की कोशिश होगी। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले यह सत्र राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। आम आदमी पार्टी सरकार जहां अपनी उपलब्धियां गिनाने की कोशिश करेगी, वहीं विपक्षी दल सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेर सकते हैं। चुनावी तैयारियों के बीच इस सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।