Roadways Bus Accident: स्कूटी सवार लड़कियों को बचाते हुए सड़क से नीचे उतरी हरियाणा रोडवेज की बस
ड्राइवर, कंडक्टर और दो यात्रियों सहित स्कूटी सवार एक लड़की घायल
पटियाला/पातड़ां, सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर/भूषण सिंगला/दुर्गा सिंगला। Patiala News: पातड़ां के नजदीक टी-प्वाइंट हमझेड़ी बाईपास, जिला पटियाला के पास हरियाणा रोडवेज की एक बस सामने आई दो स्कूटी सवार लड़कियों को बचाने के प्रयास में सड़क से नीचे उतर गई। यह घटना वीरवार सुबह करीब 7 बजे की है। फतेहाबाद से पातड़ां की ओर आ रही हरियाणा रोडवेज की बस हमझेड़ी बाईपास टी-प्वाइंट के पास जाखल-पातड़ां सड़क पर जा रही थी। बस कंडक्टर के अनुसार, इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार दो लड़कियाँ अचानक बस के सामने आ गर्इं। उन्हें बचाने की कोशिश में ड्राइवर ने बस से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण बस सड़क से नीचे उतर गई।
इस हादसे में बस ड्राइवर नवीन पुत्र सरवण और कंडक्टर विनोद कुमार पुत्र प्रह्लाद, दोनों निवासी तहसील भूना, फतेहाबाद (हरियाणा), दो बस यात्री अमर चौहान (30) पुत्र मदन चौहान निवासी फतेहाबाद और नछत्तर सिंह (64) पुत्र लाल सिंह निवासी रतिया (हरियाणा) तथा स्कूटी सवार एक लड़की काजल घायल हो गई। ड्राइवर और कंडक्टर को नूर अस्पताल पातड़ां, जबकि काजल को दुर्गा दास चैरिटेबल अस्पताल पातड़ां में भर्ती करवाया गया। वहीं, दोनों घायल यात्रियों को पहले सीएचसी पातड़ां भेजा गया, जहाँ से उन्हें आगे के इलाज के लिए सरकारी राजेन्द्रा अस्पताल, पटियाला रेफर कर दिया गया। पुलिस की कार्रवाई जारी है।
Comments