नशा तस्करों की 40.68 लाख की संपत्ति फ्रीज, दो आरोपी एक साल तक रहेंगे हवालात में
चार आरोपियों पर कसा शिकंजा, दो की 10 गाड़ियां फ्रीज, सक्षम प्राधिकारी ने दी मंजूरी
फतेहाबाद, सच कहूँ/विनोद कुमार शर्मा। Fatehabad News: नशा तस्करी के खिलाफ फतेहाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने दो आरोपियों के 10 वाहन फ्रीज करवाए हैं, जिनकी कुल कीमत 40 लाख 68 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं, दो अन्य आरोपियों को स्वापक औषधि एवं मन प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत एक-एक साल तक जेल में निरुद्ध रखने के आदेश जारी करवाए गए हैं। वाहनों को फ्रीज करने के आदेशों को सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली से मंजूरी मिल चुकी है, जबकि निरोधात्मक कार्रवाई को हरियाणा सरकार ने स्वीकृति दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिव्यांशी सिंगला ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर के दिशा-निर्देशन में पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
इस बार पुलिस ने तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए उनकी संपत्तियों पर कार्रवाई की है। सीआईए रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार की टीम ने गांव मेहमड़ा निवासी प्रिया रानी पत्नी अनिल कुमार की संपत्तियों की जांच के बाद उसके नौ वाहन फ्रीज करवाए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 39 लाख 40 हजार रुपये है। इनमें दो महिंद्रा स्कॉर्पियो, एक हुंडई क्रेटा, एक किया सेल्टोस, एक होंडा सिविक, एक हुंडई इयॉन, एक ट्रैक्टर और दो एक्टिवा शामिल हैं। महिला आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत विभिन्न मामले दर्ज हैं।
27.83 ग्राम हेरोइन मामले का आरोपी भी कार्रवाई की जद में
दूसरी कार्रवाई में पुलिस चौकी दरियापुर प्रभारी उपनिरीक्षक बलवान सिंह की टीम ने गांव कुकड़ावाली निवासी मुकेश कुमार पुत्र सूरजभान की होंडा सिटी कार फ्रीज करवाई है। कार की अनुमानित कीमत एक लाख 28 हजार रुपये है। आरोपी को पहले 27.83 ग्राम हेरोइन के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ हरियाणा के अलावा राजस्थान में भी नशा तस्करी से संबंधित मामले दर्ज हैं।
दो आरोपी एक साल तक जेल में रहेंगे निरुद्ध
नशा तस्करी की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने स्वापक औषधि एवं मन प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की है। पुलिस चौकी गुरुनानकपुरा प्रभारी उपनिरीक्षक रजत की ओर से तैयार प्रस्तावों के आधार पर हरियाणा सरकार ने दो आरोपियों को एक-एक साल तक निरुद्ध रखने के आदेश जारी किए हैं। इनमें गुरुनानकपुरा मोहल्ला निवासी बब्लू पुत्र गुरमुख सिंह और रामदासिया मोहल्ला निवासी अतुल उर्फ आशु पुत्र ओमप्रकाश शामिल हैं। बब्लू 5.64 ग्राम हेरोइन के मामले में केंद्रीय कारागार-द्वितीय, हिसार में बंद है, जबकि अतुल उर्फ आशु 41.04 ग्राम हेरोइन के मामले में हिसार जेल में बंद है।
2026 में 45 आरोपियों की 7.59 करोड़ की संपत्तियां फ्रीज
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि एक जनवरी 2026 से अब तक फतेहाबाद पुलिस नशा तस्करी के मामलों में 1063 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा 45 आरोपियों की कुल 7 करोड़ 59 लाख 30 हजार 499 रुपये की चल-अचल संपत्तियां फ्रीज करवाई गई हैं।
Comments