Parcel Truck Accident: लुधियाना में फ्लाईओवर पर बेकाबू होकर पार्सलों से भरा ट्रक पलटा, मची अफरा-तफरी
चालक को नींद की झपकी आने से हुआ हादसा
लुधियाना (सच कहूँ/सुरेन्द्र कुमार शर्मा)। Ludhiana News: शहर के व्यस्त समराला चौक फ्लाईओवर पर गुरुवार सुबह करीब 10 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से पार्सल लेकर आ रहा एक भारी ट्रक अचानक बेकाबू होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। शुरूआती जानकारी के अनुसार, चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। ट्रक चालक का वाहन से नियंत्रण खत्म हो गया और ट्रक स्टीयरिंग से बेकाबू होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सड़क के बीचों-बीच ट्रक पलटने के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही धर्मपुरा चौकी के प्रभारी इंस्पेक्टर राम मूर्ति पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी बुलाई गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। राहत की बात यह रही कि ट्रक पलटने के बावजूद इसकी चपेट में कोई अन्य वाहन या राहगीर नहीं आया और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। वहीं, ट्रैफिक पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद यातायात को दोबारा सुचारू करवाया। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
Comments