शिक्षा और रोजगार
Fire: कबाड़ में गोदाम में लगी भीषण आग, शादी समारोह में हुई आतिशबाजी से आग लगने का आरोप
कस्बे के मुख्य पानीपत-शामली मार्ग पर स्थित गोदाम की घटना, देर रात लगी आग पर बुधवार सुबह तक पाया गया काबू
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: कस्बे के मुख्य पानीपत-शामली मार्ग पर शादी समारोह की खुशियों के बीच बैंक्वेट हॉल के बराबर में स्थित कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लग गई। अग्निकांड में लाखों रुपये का गत्ता और प्लास्टिक जलकर राख हो गया। पीड़ित कारोबारी ने करीब 40 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है। वहीं, आग लगने के कारणों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं।
नगर के मोहल्ला दरबार कलां निवासी रियासत का पानीपत मार्ग पर स्थित एक बैंक्वेट हॉल के बराबर में कबाड़ का गोदाम है। मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे अचानक उसके गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बैंक्वेट हॉल स्वामी और उसके कर्मचारियों ने अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। कर्मचारियों ने सामान से भरे कुछ बोरे सुरक्षित निकालकर बैंक्वेट हॉल परिसर में रखवाए। सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची।
दमकल विभाग ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, परन्तु कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बावजूद आग पर काबू नही पाया जा सका। बुधवार सुबह तक बामुश्किल आग पर काबू पाया जा सका। घटना के समय बैंक्वेट हॉल में गांव रामड़ा निवासी एक व्यक्ति की पुत्री की शादी का कार्यक्रम चल रहा था, जिसकी बारात झिंझाना क्षेत्र के बिडौली से आई थी।
जमीन बेचकर शुरू किया था कबाड़ खरीदने का धंधा
पीड़ित रियासत ने बताया कि उसने अपनी जमीन बेचकर करीब पांच वर्ष पूर्व कबाड़ खरीदने का कारोबार शुरू किया था। आरोप है कि अग्निकांड में करीब 40 लाख रुपये का गत्ता और प्लास्टिक जलकर राख हो गया। पीड़ित कबाड़ी ने विवाह समारोह में हुई आतिशबाजी से आग लगने का आरोप लगाया है।
बैंक्वेट हॉल स्वामी ने नकारे आरोप
बैंक्वेट हॉल स्वामी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कबाड़ बीनने वाले कुछ लोग कबाड़ बेचने के बाद वहीं रुककर नशा करते हैं। इन्हीं लोगो ने कबाड़ में आग लगाई है। मोहल्ला आलकलां निवासी एक व्यक्ति ने भी कबाड़ एकत्र करने वालों की लापरवाही से आग लगने की बात कही है। फिलहाल अग्निकांड के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि मामले में कबाड़ी की ओर से शिकायती-पत्र दिया गया है, जिसमें आतिशबाजी से आग लगने का आरोप लगाया गया है। मामले की जांच करके अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
Comments