शिक्षा और रोजगार
सीवेज के दूषित पानी में प्रवासी पक्षियों का ठहराव चिंताजनक
साइबेरिया, चीन और ऑस्ट्रेलिया से हजारों किलोमीटर का सफर तय कर पहुंचते हैं पक्षी
Migratory Birds: हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। जंक्शन क्षेत्र में सीवेज के दूषित पानी में प्रवासी पक्षियों के ठहराव का मामला अब पर्यावरण विशेषज्ञों की चिंता का विषय बन गया है। श्री खुशालदास विश्वविद्यालय की फैकल्टी ऑफ बेसिक एंड एप्लाइड साइंस की डीन डॉ. स्वाति ओझा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने दूषित पानी में प्रवासी पक्षियों के रहने को उनके स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए चिंताजनक बताते हुए स्वच्छ जल स्रोतों एवं प्राकृतिक आवासों के संरक्षण की आवश्यकता जताई।
डॉ. ओझा ने बताया कि साइबेरिया, चीन और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों से हजारों किलोमीटर की यात्रा कर प्रवासी पक्षी सर्दियों में यहां पहुंचते हैं। ऐसे पक्षियों का सीवेज के दूषित पानी में ठहराव उनके स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। गंदे पानी के संपर्क में आने से उनमें संक्रमण और विभिन्न बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। प्रवासी पक्षियों को सुरक्षित प्राकृतिक आवास और स्वच्छ जल स्रोत उपलब्ध करवाना जरूरी है। गौरतलब है कि हाल ही में जंक्शन क्षेत्र में सीवेज के पानी में करीब 20 राजहंस (फ्लेमिंगो) सहित चार प्रजातियों के पक्षी दिखाई दिए थे।
डॉ. ओझा ने बताया कि प्रवासी पक्षी किसी भी क्षेत्र की जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र की स्थिति के महत्वपूर्ण संकेतक होते हैं। ये पक्षी प्रतिवर्ष सर्दियों में उन्हीं स्थानों पर पहुंचते हैं, जहां उन्हें पर्याप्त भोजन, पानी और सुरक्षित ठिकाना मिलता है। ऐसे में इनका प्रदूषित सीवेज के पानी में ठहरना प्राकृतिक आवासों, स्वच्छ जल स्रोतों और आर्द्रभूमियों के लगातार सिमटने की ओर भी संकेत करता है। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का प्रदूषण केवल पक्षियों के लिए ही नहीं, बल्कि संपूर्ण पर्यावरण और आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी चिंता का विषय है। इसके लिए आर्द्रभूमियों और जलाशयों का संरक्षण करने के साथ सीवेज के पानी का समुचित शोधन (ट्रीटमेंट) जरूरी है। बिना उपचारित पानी को खुले स्थानों पर छोड़ने से बचना चाहिए। उन्होंने प्रशासन, नगर परिषद और आमजन से पक्षियों के आगमन वाले क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने तथा पक्षियों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाने की अपील की।
प्रवासी पक्षियों पर किया व्यापक शोध
डॉ. स्वाति ओझा अब तक 12 शोधार्थियों को पीएचडी करवा चुकी हैं, जिनमें अधिकांश ने प्रवासी पक्षियों से संबंधित विषयों पर शोध किया है। उनके निर्देशन में जयपुर, जोधपुर, सूरतगढ़, पंजाब के फाजिल्का और हनुमानगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में पाए जाने वाले प्रवासी पक्षियों का अध्ययन किया गया है। उन्होंने बताया कि हनुमानगढ़ और आसपास के बड़ोपल जैसे क्षेत्रों में 22 से अधिक प्रकार की पक्षी प्रजातियां आती हैं। इनमें फ्लेमिंगो, कूट, कॉर्मोरेंट और गैडवाल प्रमुख हैं।
पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं प्रवासी पक्षी
डॉ. ओझा के अनुसार प्रवासी पक्षी पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये कीट-पतंगों, घोंघों और छोटे जलीय जीवों को खाकर उनकी संख्या को प्राकृतिक रूप से नियंत्रित करते हैं, जिससे फसलों और जल स्रोतों को लाभ मिलता है। इनके एक स्थान से दूसरे स्थान तक आवागमन से बीजों का प्रसार होता है, जो वनस्पतियों और हरियाली को बढ़ावा देता है। इनके मल से जल स्रोतों में पोषक तत्व पहुंचते हैं, जो आर्द्रभूमियों के पारिस्थितिकी तंत्र को संतुलित रखने में सहायक होते हैं।
उन्होंने बताया कि पक्षियों की संख्या और उनके व्यवहार में होने वाले बदलावों से जल प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आवासों के नुकसान जैसे पर्यावरणीय बदलावों का पता लगाया जा सकता है। इसके अलावा पक्षी दर्शन (बर्ड वॉचिंग) और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी विकसित किए जा सकते हैं। शोध और वैज्ञानिक अध्ययन की दृष्टि से भी प्रवासी पक्षियों का विशेष महत्व है।
Comments