न्यू हाउसिंग बोर्ड में बाइक सवार युवक 26 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार
जंक्शन थाना पुलिस की देर रात कार्रवाई, पूछताछ में दो अन्य जनों के नाम आए सामने
Drug Smuggler Arrested: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। जंक्शन थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी क्षेत्र से बाइक सवार एक युवक को 26 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हेरोइन बरामद कर बाइक जब्त कर ली। प्रारंभिक पूछताछ में चिट्टे की खरीद-फरोख्त को लेकर दो अन्य व्यक्तियों के नाम सामने आने पर उन्हें भी प्रकरण में नामजद किया गया है। पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक गजेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम शुक्रवार देर रात गश्त कर रही थी।
इस दौरान अबोहर मार्ग पर जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय के पीछे स्थित न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बाइक पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक को रुकवाकर पूछताछ की गई। उसकी पहचान अब्दुल लतीफ (22) फतेह शेर निवासी वार्ड नंबर 1, गांव नवां के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 26 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर बाइक जब्त कर ली। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चिट्टे की खरीद-फरोख्त के मामले में साहिल खान उर्फ लवली पुत्र याकूब खान निवासी तलवाड़ा झील और फरीद खान निवासी खुंजा, जंक्शन को भी नामजद किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक साहबराम कर रहे हैं।
Comments