Hanumangarh Junction News: बहू के मायके पक्ष पर घर में घुसकर मारपीट व जेवर-नकदी ले जाने का आरोप

एक करोड़ रुपए मांगने का भी दावा, सेवानिवृत्त कर्मचारी के इस्तगासे पर चार नामजद के खिलाफ मामला दर्ज

Published On

हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। जंक्शन में पारिवारिक विवाद के चलते घर में घुसकर मारपीट करने, सोने-चांदी के जेवरात और नकदी ले जाने तथा एक करोड़ रुपए मांगकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में 63 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी के इस्तगासे पर जंक्शन थाना पुलिस ने उनकी पुत्रवधू के पिता, माता सहित चार जनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार परिवादी रविन्द्र डालमिया (63) पुत्र देवीलाल अग्रवाल निवासी सेक्टर नंबर 6, जंक्शन ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में इस्तगासा पेश कर बताया कि उनके पुत्र संदीप की शादी 19 फरवरी 2026 को बठिंडा निवासी राकेश कुमार पुत्र मदनलाल अग्रवाल की पुत्री प्राची मित्तल के साथ हुई थी। शादी हिंदू रीति-रिवाज से बिना दहेज के संपन्न हुई थी तथा शादी का पूरा खर्च उन्होंने स्वयं वहन किया था। शादी के बाद संदीप और प्राची कुछ समय हनुमानगढ़ में रहने के बाद गुरुग्राम चले गए, जहां दोनों आईटी कंपनी में कार्यरत हैं। वहां संदीप की मां दीपा डालमिया के फ्लैट में रहने के दौरान पति-पत्नी के बीच घरेलू बातों को लेकर विवाद होने लगा। प्राची अपने पति को आत्महत्या करने और परिवार के सदस्यों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां देती थी।

परिवार की ओर से उसे समझाने के प्रयास भी किए गए। 18 जून को संदीप और प्राची हनुमानगढ़ आ गए। यहां भी विवाद जारी रहा। प्राची ने पति और सास-ससुर को धमकियां देते हुए दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा और भरण-पोषण के झूठे मुकदमे दर्ज करवाने की बात कही। 10 जुलाई की रात करीब 11.30 बजे प्राची के पिता राकेश कुमार, माता साधना, निपुन गर्ग पुत्र पूर्णचंद अग्रवाल निवासी भूच्चो मंडी, पंजाब और उसकी पत्नी रजनी क्रेटा गाड़ी से परिवादी के घर पहुंचे। चारों जबरन घर में घुस गए और संदीप को लेकर गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने प्राची को अपने साथ बठिंडा ले जाने की बात कही।

इसके बाद आरोपियों ने आपसी सहमति से घर की अलमारी से करीब 23 तोला सोने-चांदी के जेवरात और 45 हजार रुपए नकद जबरन ले लिए। इनमें परिवादी की पत्नी के करीब तीन तोला सोने के दो कंगन, हीरे की एक जोड़ी बालियां तथा पुत्र संदीप की सोने की चेन और अंगूठी शामिल है। जब परिवादी और उनकी पत्नी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो चारों ने उनके साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद प्राची को अपने साथ लेकर बठिंडा चले गए। शोर सुनकर पड़ोसी असलम और हेमंत भी मौके पर पहुंच गए थे। परिवादी ने इस्तगासे में बताया कि परिवार बचाने की नीयत से उन्होंने तत्काल पुलिस कार्रवाई नहीं करवाई।

बाद में उनका पुत्र और परिवार के सदस्य प्राची को वापस लाने के लिए बठिंडा भी गए, लेकिन उसने संदीप के साथ रहने से इनकार कर दिया। प्राची के मायके पक्ष के लोग उसे संदीप के साथ बसने नहीं देना चाहते और उन्होंने एक करोड़ रुपए देने पर ही उसे पति के साथ भेजने की बात कही। परिवादी का दावा है कि इसके बाद भी फोन पर एक करोड़ रुपए की मांग कर लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि वह सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। आरोपियों की ओर से मारपीट और धमकियों से उन्हें मानसिक परेशानी हुई है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने राकेश कुमार, साधना, निपुन गर्ग और रजनी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक विजेन्द्र नेहरा को सौंपी है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts