Goats Theft: रात के अंधेरे में भेड़-बकरियों के बाड़े में घुसे, 8 भेड़ें व बच्चे कार में लादकर फरार

एक आरोपी बाड़े के अंदर से निकाल रहा था भेड़ें, दो गेट पर खड़ी कार में कर रहे थे लोड

Published On

हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। टाउन थाना क्षेत्र के चक 28 एनडीआर में रात के अंधेरे में भेड़पालक के बाड़े से भेड़ें और उनके बच्चे चोरी होने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर एक कार में सवार होकर आए और 5 भेड़ व 3 भेड़ के बच्चे चोरी कर फरार हो गए। टाउन थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार देवीलाल (32) पुत्र धन्नाराम नायक निवासी चक 28 एनडीआर, ग्राम पंचायत 22-23 एनडीआर ने रिपोर्ट दी कि वह भेड़पालन कर अपने परिवार का गुजारा करता है। 6 नवम्बर की रात उसने घर के पास बने बाड़े में भेड़ों को रखा हुआ था और स्वयं घर में सो रहा था। रात करीब पौने दो बजे उसकी नींद खुली तो बाड़े की तरफ से किसी व्यक्ति के बोलने की आवाज सुनाई दी। बाहर जाकर देखा तो एक व्यक्ति बाड़े के अंदर से भेड़ें व उनके बच्चे निकाल रहा था, जबकि दो अन्य व्यक्ति गेट पर कार खड़ी कर उनमें भेड़ें लाद रहे थे।

देवीलाल ने शोर मचाया तो आरोपी कार के गेट बंद कर उसमें बैठकर फरार हो गए। कार के पीछे वाले शीशे पर कोई लोगो लगा हुआ था। इसके बाद उसने पत्नी को जगाया और दोनों ने बाड़े में जाकर भेड़ों की गिनती की तो 5 भेड़ व 3 भेड़ के बच्चे गायब मिले। परिवादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक सोहनलाल को सौंपी है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts