Jaipur Art: पहली बार में ही जयपुर की 'शिल्पांजलि आर्ट' का कमाल

बिहार संग्रहालय बना एशिया का नंबर-1 म्यूजियम

Published On

International Art Exhibition: जयपुर, 22 नवंबर (गुरजंट सिंह धालीवाल)। गुलाबी नगरी जयपुर की कला और शिल्प ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान बढ़ाया है। जयपुर की 'शिल्पांजलि आर्ट फाउंडेशन' के सौजन्य से बिहार की राजधानी पटना में आयोजित पहली ऐतिहासिक प्रदर्शनी 'टाइमलेस इन ब्रॉन्ज' की शानदार सफलता के बाद, जयपुर के आकेड़ा  डूंगर स्थित 'वर्क्स फॉर आर्टिस्ट फाउंडरी' को वैश्विक पहचान मिली है। इसी प्रदर्शनी की बदौलत पटना स्थित बिहार संग्रहालय को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है।

दुनिया के टॉप-10 संग्रहालयों में शामिल

प्रदर्शनी के समापन के बाद जर्मनी के प्रतिष्ठित ट्रैवल गाइड 'वर्थ ए जर्नी' ने वर्ष 2026 के लिए विश्व के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की रैंकिंग जारी की है। इस वैश्विक सूची में पटना के बिहार संग्रहालय को 9वां स्थान प्राप्त हुआ है। गौरव की बात यह है कि इस प्रतिष्ठित सूची में स्थान बनाने वाला यह एकमात्र भारतीय संग्रहालय है। इसके साथ ही, ट्रैवल गाइड के नवीनतम मूल्यांकन में इसे एशिया का सर्वश्रेष्ठ (नंबर-1) संग्रहालय भी घोषित किया गया है।

बढ़ानी पड़ी थी प्रदर्शनी की अवधि

बिहार संग्रहालय और शिल्पांजलि आर्ट फाउंडेशन (जयपुर) के संयुक्त तत्वावधान में 17 फरवरी से 30 अप्रैल 2026 तक इस भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था। फाउंडेशन की डायरेक्टर अंजली देवी पडित ने बताया कि शुरुआत में यह प्रदर्शनी एक महीने के लिए तय थी, लेकिन कला प्रेमियों और दर्शकों के बीच इसकी जबरदस्त लोकप्रियता को देखते हुए बिहार संग्रहालय के डायरेक्टर जनरल अंजनी कुमारसिंह ने इसकी अवधि बढ़ाकर तीन माह कर दी थी। पटना में धातु (मेटल) की मूर्तियों से जुड़ी यह अब तक की सबसे प्रमुख प्रदर्शनी रही। आपको बता दें शिल्पांजलि आर्ट फाउंडेशन के सौजन्य में 'वर्क्स फॉर आर्टिस्ट फाउंडरी' की ओर से देश में पहली बार ही प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था।

जयपुर की फाउंडरी में तराशी गईं कलाकृतियां

इस प्रदर्शनी की नींव जयपुर में रखी गई थी। विश्व प्रसिद्ध मूर्तिकार राजकुमार पंडित द्वारा सरना डूंगर स्थित 'वर्क्स फॉर आर्टिस्ट फाउंडरी' में पिछले तीन वर्षों से आयोजित की जा रही अंतरराष्ट्रीय वर्कशॉप्स में देश-विदेश के कलाकारों ने इन कांस्य (ब्रॉन्ज) की मूर्तियों को तैयार किया था। 

'टाइमलेस इन ब्रॉन्ज' में भारत सहित बेल्जियम और जापान के कुल 34 मूर्तिकारों की 45 कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया, जिन्होंने वैश्विक स्तर पर कांस्य कला के विविध आयामों को प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी में मुख्य रूप से राजकुमार पंडित, सुदर्शन शेट्टी, रियास कोमू, सीमा कोहली, दीपाली दारोज, राजेंद्र टिकू, राजेश व्यास, मंजूनाथ कामत, जीआर इराना, एलएन तलूर और सुनील महादिक सहित बेल्जियम और जापान के एक-एक मूर्तिकार की कृतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। जयपुर की धरती पर तैयार हुई इन कलाकृतियों ने न केवल पटना के कला जगत को समृद्ध किया, बल्कि भारतीय समकालीन मूर्तिकला को विश्व मानचित्र पर एक नई ऊंचाई प्रदान की है।

Art-Jaipur

Art-Jaipur-Art

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts