Automobile Business News: महंगी हुई Maruti Suzuki की कारें, नई कीमतें लागू

Swift से लेकर SUV तक? मारुति की चुनिंदा कारों के दाम बढ़े, जानिए वजह

Published On

Maruti Suzuki Price Hike: नई दिल्ली (सच कहूँ/एजेंसी)। मारुति सुजुकी इंडिया ने लगातार बढ़ते लागत दबावों के बीच अपनी चुनिंदा कारों की कीमतों में फिर बढ़ोतरी करने की घोषणा की है। कंपनी ने रविवार को कहा कि नई कीमतें 22 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गई हैं और इससे वाहनों की कीमतों में औसतन 0.31 प्रतिशत की वृद्धि होगी। 

स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी ने कहा कि लगातार बनी हुई लागत संबंधी चुनौतियों और मुद्रास्फीति के दबाव को देखते हुए यह कदम उठाना पड़ा है। कंपनी ने कहा कि वह लागत कम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन बढ़ते खर्च का कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाना आवश्यक हो गया है। कंपनी के अनुसार, मूल्य वृद्धि को यथासंभव सीमित रखने की कोशिश की गई है ताकि ग्राहकों पर इसका प्रभाव कम रहे। हालांकि किन-किन मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है, इसका विस्तृत विवरण कंपनी ने जारी नहीं किया।

सितंबर में कंपनी ने कीमतों में 20,000 रुपए तक की वृद्धि की थी

गौरतलब है कि वर्ष 2026 के दौरान यह मारुति सुजुकी की ओर से की गई कई मूल्य बढ़ोतरी में से एक है। सितंबर में कंपनी ने बढ़ती लागत का हवाला देते हुए कुछ मॉडलों की कीमतों में 20,000 रुपए तक की वृद्धि की थी। इससे पहले अगस्त में एरिना और नेक्सा रेंज के वाहनों की कीमतें 30,000 रुपए तक बढ़ाई गई थीं। जून 2026 में भी कंपनी ने अपने यात्री वाहन पोर्टफोलियो में 30,000 रुपए तक की बढ़ोतरी लागू की थी।

नई मूल्य वृद्धि ऐसे समय में आई है जब कंपनी की आय तो बढ़ रही है, लेकिन लाभप्रदता पर दबाव बना हुआ है। वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में मारुति सुजुकी इंडिया का स्टैंडअलोन शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 26.9 प्रतिशत घटकर 2,415 करोड़ रुपए रह गया।

इसके विपरीत, कंपनी का परिचालन राजस्व 26 प्रतिशत बढ़कर 53,340 करोड़ रुपए पहुंच गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 42,332 करोड़ रुपए था। तिमाही के दौरान कंपनी का ईबीआईटीडीए (ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले की आय) 6.3 प्रतिशत घटकर 4,764 करोड़ रुपए रह गया। वहीं परिचालन मार्जिन घटकर 8.9 प्रतिशत रह गया, जो एक वर्ष पहले 12 प्रतिशत था। कंपनी की अन्य आय में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। यह घटकर 430 करोड़ रुपए रह गई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 966 करोड़ रुपए थी। हालांकि कर व्यय 988 करोड़ रुपए से घटकर 751 करोड़ रुपए हो गया।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts