Narendra Modi Philippines Visit: मनीला में PM Modi के स्वागत को लेकर भारतीय समुदाय दिखा उत्साहित
द्विपक्षीय संबंध मजबूत होने की उम्मीद, भारत की बढ़ती ताकत पर जताया गर्व
मनीला (सच कहूँ/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिलीपींस दौरे को लेकर वहां रह रहे प्रवासी भारतीयों में जबरदस्त उत्साह है। आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी की भागीदारी को प्रवासी भारतीय बहुत महत्वपूर्ण मान रहे हैं। कुछ लोगों ने आईएएनएस से बात की और माना कि इससे द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे।
प्रवासी भारतीय आनंद मेहतानी ने कहा, "पहले यहां भारत का नाम इतना बड़ा नहीं था। पीएम मोदी यहां आ रहे हैं, ये गौरवान्वित करने वाला क्षण है। इधर कुछ वर्षों में भारत ने अपने इकबाल को बुलंद किया है, ये बहुत अच्छा है। द्विपक्षीय संबंधों में सुधार आया है और अब ये उच्चस्तरीय दौरा काफी अहम है।" उन्होंने कहा, "2000 साल पहले जहां भी जाएं, कंबोडिया, मलेशिया, थाइलैंड, चीन, हर जगह भारत का प्रभाव था। लेकिन हम खुद को साबित नहीं कर पा रहे थे, हम सक्रिय नहीं थे। लेकिन अब ये बदला है। हमें अब सब लोग जान रहे हैं।"
वहीं, 45 साल से फिलीपींस में रह रहे फ्रैंकी गंगवानी भी पीएम मोदी के दौरे को लेकर खासे उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, "हमें बहुत गर्व महसूस हो रहा है कि भारत के प्रधानमंत्री अब आसियान शिखर सम्मेलन में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इससे फिलीपींस और भारत के बीच संबंध बेहतर होंगे। फार्मा और आईटी में कारोबार बढ़ेगा। फिलीपींस अभी भारत से रक्षा उपकरण आयात कर रहा है, इससे भारत का कारोबार भी बढ़ेगा।"
गंगवानी के अनुसार, "पीएम मोदी के आने पर हमें बहुत खुशी होती है। मोदी जी 2017 में आए थे, तब भी हम सभी भारतीय बहुत खुश थे और अब और भी ज्यादा खुश हैं। अब हम मोदी जी से 16 और 17 तारीख को मिलेंगे। सभी भारतीय लोग बहुत खुश हैं कि हमारा भारत दुनिया में बड़ा नाम कमा रहा है। हमारा भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और आगे चलकर नंबर वन पर पहुंचेगा।"
प्रवासी भारतीय ध्रुव इसे दोनों देशों के लिए काफी अहम मानते हैं। उन्होंने कहा , "मुझे लगता है पीएम मोदी बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। हर कोई उन्हें जानता है। वो जो कर रहे हैं, वो अर्थव्यवस्था के लिए अच्छा है और इससे देश के अंदर और बाहर सभी को मदद मिलेगी। जो भी भारत के साथ साझेदारी करेगा, वो भी उसके साथ आगे बढ़ेगा। भारत अभी एक पावरहाउस है। मुझे यकीन है कि अन्य एशियाई देश भी भारत के साथ मिलकर आगे बढ़ सकते हैं। भारत और फिलीपींस के बीच बहुत अच्छा रिश्ता है, इसलिए आसियान बैठक में उनका आना दोनों देशों के लिए बहुत बड़ी बात होगी।"
वर्षों से मनीला में रह रहे भारतीय लक्ष्मण दासवानी ने कहा, "ये दौरा वाकई शानदार है। मुझे बहुत गर्व है। विश्वास है कि फिलीपींस और भारत के संबंधों में सुधार होगा और दोनों देश एक दूसरे के ज्यादा करीब आएंगे। मैं बहुत खुश हूं कि वो आ रहे हैं और हम सभी उनका बहुत ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उम्मीद है कि इस बैठक का नतीजा सकारात्मक होगा। "
Comments