शिक्षा और रोजगार
Adani Group: अदाणी ग्रुप की बड़ी उपलब्धि, भारत के सबसे लंबे विंड टर्बाइन ब्लेड का उत्पादन किया शुरू
अदाणी ग्रुप ने मुंद्रा प्लांट में भारत के सबसे लंबे विंड टर्बाइन ब्लेड का उत्पादन किया शुरू
अहमदाबाद, एजेंसी। Ahmedabad News: अदाणी ग्रुप ने सोमवार को कहा कि उसने गुजरात के मुंद्रा स्थित अपने इंटीग्रेडेट मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में 91.2 मीटर लंबे ऑनशोर विंड टर्बाइन ब्लेड का उत्पादन शुरू कर दिया है।
91.2 मीटर लंबे ये ब्लेड भारत में निर्मित अब तक के सबसे लंबे विंड टर्बाइन ब्लेड हैं। इनका इस्तेमाल ऐसे टर्बाइन में किया जाएगा, जिसका रोटर व्यास 185 मीटर है। यह भारत में सबसे बड़ा रोटर व्यास है। वहीं, इसकी हब की ऊंचाई 140 मीटर होगी।
अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी अदाणी न्यू इंडस्ट्रीज लिमिटेड (एएनआईएल) ने कहा कि उसे अपने 'एमडब्ल्यूएल185-5.0 मेगावाट' विंड टर्बाइन प्लेटफॉर्म के लिए प्रमाणन भी मिल गया है। इससे अब इसका बड़े पैमाने पर उत्पादन शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।
अदाणी विंड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मिलिंद कुलकर्णी ने कहा, "भारत का सबसे लंबा विंड टर्बाइन ब्लेड तैयार करना और अपने 5 मेगावाट प्लेटफॉर्म के लिए प्रमाणन हासिल करना अदाणी विंड और देश के पवन ऊर्जा विनिर्माण क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बड़े ब्लेड और अधिक क्षमता वाले टर्बाइन प्रत्येक मशीन को अधिक ऊर्जा हासिल करने में सक्षम बनाते हैं। इसमें कम हवा की गति वाले स्थान भी शामिल हैं।"
कुलकर्णी ने कहा, "इससे पवन ऊर्जा उत्पादन के लिए उपलब्ध भौगोलिक क्षेत्रों का दायरा बढ़ाने में मदद मिलती है। देश की बढ़ती स्वच्छ ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए हम भारत में उन्नत पवन ऊर्जा प्रौद्योगिकी के विकास और विनिर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
इस टर्बाइन का रोटर लगभग 26,600 वर्ग मीटर क्षेत्र में हवा को कवर करता है, जो साढ़े तीन से अधिक मानक फुटबॉल मैदानों के बराबर है। 'एमडब्ल्यूएल185-5.0 मेगावाट' प्लेटफॉर्म अलग-अलग गति वाली हवाओं का इस्तेमाल करने में सक्षम है। इससे बिजली उत्पादन अधिक स्थिर रहता है, उपलब्ध पवन संसाधनों का बेहतर उपयोग होता है और समग्र क्षमता उपयोग कारक (सीयूएफ) में सुधार होता है।
नए ब्लेड के उत्पादन से मुंद्रा प्लांट में निर्मित होने वाले उत्पादों की श्रृंखला का विस्तार हुआ है। फिलहाल इस प्लांट में 78.6 मीटर और 80.5 मीटर लंबे ब्लेड का उत्पादन किया जाता था।
91.2 मीटर लंबे ब्लेड का उत्पादन ब्लेड डिजाइन, सामग्री इंजीनियरिंग, विनिर्माण में सटीकता और उन्हें संभालने की क्षमता के क्षेत्र में एक बड़ी प्रगति को दर्शाता है। इससे अगली पीढ़ी के विंड टर्बाइन के लिए बड़े आकार के पुर्जों का निर्माण करने की भारत की क्षमता मजबूत होगी।
किसी भी विंड टर्बाइन से बिजली उत्पादन उसकी रोटर द्वारा कवर किए जाने वाले क्षेत्र, निर्धारित क्षमता, हब की ऊंचाई और संबंधित स्थान पर उपलब्ध हवा के संसाधनों पर निर्भर करता है।
लगभग 185 मीटर रोटर व्यास और करीब 26,600 वर्ग मीटर के कवरेज क्षेत्र वाला एमडब्ल्यूएल185-5.0 मेगावाट प्लेटफॉर्म कम और मध्यम गति वाली हवाओं वाले स्थानों पर भी अधिक ऊर्जा हासिल करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इससे पवन ऊर्जा परियोजनाओं के लिए अधिक स्थान तकनीकी और व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य हो सकते हैं।
अदाणी विंड के तीन विंड टर्बाइन प्लेटफॉर्म नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) की मॉडल और विनिर्माताओं की अनुमोदित सूची (एएलएमएम-विंड) में शामिल हैं।
अदाणी समूह से बाहर के स्वतंत्र बिजली उत्पादकों (आईपीपी) से अदाणी विंड को मिले कुल ऑर्डर अब 1 गीगावाट से अधिक हो गए हैं।
Comments