Rotary Club News: ‘आइकॉन्स ऑफ जयपुर’ में पाँच हस्तियों का सम्मान
अजय काला से संवाद में अनछूहे पहलू आये
Public Image Seminar: जयपुर (सच कहूँ न्यूज)। होटल क्लार्क्स आमेर में आयोजित रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3056 के पब्लिक इमेज सेमीनार में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अरुण बगड़िया ने क्लबों से आह्वान किया कि वे अपने सेवा कार्यों से आए बदलाव को रोटरी के दायरे से बाहर पहुँचाएँ। रोटरी क्लब जयपुर अशोक की मेजबानी में पत्रकारों, संचार विशेषज्ञों और रोटेरियनों ने चर्चा की। डिस्ट्रिक्ट लर्निंग फैसिलिटेटर एवं पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अजय काला ने 75 स्लाइडों की प्रस्तुति में रोटरी में सेवा प्रकल्पों, स्थायी परियोजनाओं, प्रचार प्रसार गतिविधियों और रोटरी सदस्यों के विभिन्न शहरों के कार्यक्रमों की झलक दिखाई। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अरुण बगड़िया ने वर्ष की प्राथमिकताएँ और अब तक की गतिविधियाँ साझा कीं। उन्होंने दो लाख अमेरिकी डॉलर की घोषणा का भी उल्लेख किया।
दैनिक भास्कर के राष्ट्रीय संपादक एल.पी. पंत ने न्यूज़रूम की तुलना ऑपरेशन थिएटर से की, जहाँ समय कम होता है और हर फ़ैसले की अहमियत होती है। स्वयंसेवी संस्थाओं को अख़बार में जगह कैसे मिले, इस पर पंत ने जयपुर के परकोटे का उदाहरण दिया। संचार विशेषज्ञ अजय चोपड़ा ने कहानी कहने में संवेदना की भूमिका पर बात की। उन्होंने कहा कि संदेश कितनी जल्दी पहुँचा, इसके साथ यह भी मायने रखता है कि उसे पढ़कर या सुनकर लोगों ने क्या महसूस किया। जगदीप सिंह ने अपने पेशेवर अनुभवों के ज़रिए समझाया कि सोशल मीडिया के अलग-अलग मंचों पर किस तरह की सामग्री लोगों को जोड़ती है।
‘आइकॉन्स ऑफ जयपुर’ में पाँच हस्तियाँ, पाँच अनुभव
डॉ. राखी गुप्ता ने पाँचों हस्तियों को अभिनंदन के लिए मंच पर आमंत्रित किया। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अरुण बगड़िया और पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अजय काला ने उन्हें सम्मान पट्टिकाएँ भेंट कीं। केजीके समूह के नवरतन कोठारी से बातचीत जवाहरात के कारोबार से शुरू होकर भगवान महावीर कैंसर अस्पताल तक पहुँची। कोठारी ने विद्या विनोद काला और विमलचंद सुराणा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी पत्नी अनिल के समर्पण का विशेष उल्लेख किया।
अपने 12 होटलों के अनुभव के आधार पर होटल उद्यमी हरिमोहन डगायच ने कहा कि जयपुर में और होटलों की गुंजाइश है। शादियों के लिए जयपुर चुनने वाले परिवारों को उन्होंने शहर के लिए बड़ा अवसर बताया। जयपुर रग्स के नंद किशोर चौधरी ने गाँव के करघे से अंतरराष्ट्रीय बाज़ार तक कालीन की यात्रा बताई। उन्होंने कहा कि उनके बुनकर नेटवर्क में करीब 80 प्रतिशत महिलाएँ हैं और उनके बुने कालीन 60 देशों तक पहुँचते हैं। चौधरी ने बताया कि इस नेटवर्क के ज़रिए गाँव में रहकर बुनाई करने वाली महिलाओं का हुनर विदेशी खरीदारों तक कैसे पहुँचा।
एसके फाइनेंस के राजेंद्र सेतिया ने बताया कि उनके करीब 80 प्रतिशत ऋण छोटे कारोबारों के लिए हैं। उन्होंने ऐसे उद्यमियों के अनुभव साझा किए जिन्हें शुरुआत में थोड़ी पूँजी की ज़रूरत थी। सही समय पर मिले छोटे कर्ज़ ने उन्हें अपना काम बढ़ाने का अवसर दिया। डिज़ाइनर आयुष कासलीवाल ने अपनी परियोजनाओं और स्थापत्य की पसंद पर बात की। काला ने जब उनकी पसंदीदा इमारतों के बारे में पूछा तो उन्होंने जयपुर के जवाहर कला केंद्र और जैसलमेर की हवेलियों का नाम लिया। दोनों की विशिष्ट बनावट उन्हें आकर्षित करती है।
डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी का विमोचन
संवाद के बाद पाँचों सम्मानित हस्तियों ने पूनम बगड़िया द्वारा संपादित, 500 से अधिक पृष्ठों की रोटरी डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी का विमोचन किया। पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. बलवंत सिंह चिराना ने अख़बारों को समाचार भेजते समय ध्यान रखने योग्य बातों पर चर्चा की। डॉ. के.सी. शर्मा ने रोटरी के ‘ब्रांड सेंटर’ और ‘पीपल ऑफ एक्शन’ अभियान की जानकारी दी। संजय कौशिक ने पिछले छह महीनों में क्लबों के उल्लेखनीय सेवा प्रकल्पों और उनसे लाभान्वित लोगों पर प्रस्तुति दी। आरम्भ में सेमिनार चेयरमैन आलोक अग्रवाल ने प्रतिनिधियों का स्वागत किया। मेजबान रोटरी क्लब जयपुर अशोक को चार्टर प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन राधिका शर्मा ने किया। सेमिनार काउंसलर कमल टोंगिया और सेमिनार सचिव मनोज बंसल भी उपस्थित थे। मेजबान क्लब के अध्यक्ष डॉ. भवानी मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
Comments