2 Soldiers Martyred: हिसार में सेना के युद्धाभ्यास के दौरान बड़ा हादसा, दो जवान शहीद
32 टैंकों की एक साथ मूवमेंट से उठा धूल का गुबार बना हादसे की वजह
Indian Army Tank Accident: हिसार, 22 नवम्बर (सच कहूँ/मुकेश)। हिसार के गांव भोजराज के पास भारतीय सेना के युद्धाभ्यास के दौरान दर्दनाक हादसे में दो जवान शहीद हो गए। करीब 32 टैंकों के साथ चल रहे अभ्यास के दौरान भारी धूल उड़ने से एक टैंक के ड्राइवर को आगे का रास्ता दिखाई नहीं दिया। इसी दौरान टैंक मोर्चे पर तैनात दो जवानों के ऊपर से गुजर गया। दोनों को गंभीर हालत में मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में उत्तर प्रदेश के शामली निवासी नायक मनीष कुमार और बदायूं निवासी नायक अंकुश कुमार शहीद हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और बाद में मिलिट्री अस्पताल में भी स्थिति का जायजा लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों जवानों के शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया। भोजराज क्षेत्र में सेना का नियमित युद्धाभ्यास चल रहा था। इसमें करीब 32 टैंक एक साथ मूवमेंट कर रहे थे।
भारी टैंकों के गुजरने से इलाके में धूल का घना गुबार उठ गया, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। इसी दौरान एक टैंक चालक को आगे मोर्चे पर तैनात दोनों जवान दिखाई नहीं दिए और टैंक उनके ऊपर से गुजर गया। शहीद नायक मनीष कुमार उत्तर प्रदेश के शामली जिले के निवासी थे। उनके पिता रामवीर सेना से सेवानिवृत्त हैं। मनीष परिवार के इकलौते बेटे थे और उनकी तीन बहनें हैं। उनका स्वभाव मिलनसार था। छुट्टी पर गांव भाज्जु आने के दौरान वे ग्रामीणों से जरूर मिलते थे।
दूसरे शहीद नायक अंकुश कुमार उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के रहने वाले थे। उनके ताऊ के बेटे अमित कुमार के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब दो बजे अंकुश ने अपने बच्चों से फोन पर बात की थी। वे रविवार को घर आने वाले थे। परिवार में पत्नी पूजा, 11 वर्षीय बेटी नंदिनी और सात वर्षीय बेटा हर्ष हैं। उनका छोटा भाई विनीत नौकरी करता है। अंकुश के घर आने की उम्मीद लगाए बैठे परिवार को उनकी शहादत की खबर से गहरा सदमा लगा है।
Comments