Hanumangarh Town News: खेत में जबरन रास्ता निकालने के प्रयास का विरोध किया तो ट्रैक्टर चढ़ाकर मारने की कोशिश
ज्वार की फसल उजाड़ने, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप
हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। टाउन थाना क्षेत्र के चक सात एचएमएच में कृषि भूमि से जबरन रास्ता निकालने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत में बोई ज्वार की फसल को ट्रैक्टर से नष्ट करने, किसान को ट्रैक्टर से कुचलकर जान से मारने का प्रयास करने और मारपीट करने के आरोप में टाउन थाना पुलिस ने तीन नामजद सहित 7-8 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय हनुमानगढ़ के आदेश पर की है।
पुलिस के अनुसार टिब्बी तहसील के गांव कमरानी के वार्ड नंबर 3 निवासी मुस्तफा खान (40) पुत्र हाजी जुम्मे खान ने न्यायालय में इस्तगासा पेश कर बताया कि चक 7 एचएमएच में उसकी कृषि भूमि है। उसके खेत के नजदीक उसके ही गांव के मुसे खान पुत्र सिराजुद्दीन, जुम्मे खान पुत्र अमीन खान और नूरनबी पुत्र अमीन खान की कृषि भूमि है। आरोपियों के साथ खेत में रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। इस संबंध में राजस्व अपील अधिकारी हनुमानगढ़ ने 13 मई 2026 को उसके पिता के पक्ष में फैसला सुनाया था। इसके बावजूद आरोपी रंजिश रखते हुए उसे खेत में से जबरन रास्ता निकालने की धमकियां दे रहे थे।
इस्तगासे के मुताबिक 22 जुलाई 2026 को शाम करीब 4 बजे मुस्तफा अपने खेत में मजदूरों से कृषि कार्य करवा रहा था। इसी दौरान मुसे खान, जुम्मे खान, नूरनबी और 7-8 अन्य व्यक्ति एकराय होकर ट्रैक्टर लेकर खेत में पहुंच गए। ट्रैक्टर नूरनबी चला रहा था। आरोपियों ने खेत में जबरन प्रवेश कर वहां बोई गई ज्वार की फसल को नष्ट करना शुरू कर दिया और खेत में से रास्ता निकालने का प्रयास किया। मुस्तफा ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। ट्रैक्टर चालक नूरनबी ने जान से मारने की नीयत से मुस्तफा की तरफ ट्रैक्टर दौड़ा दिया और उसे कुचलने का प्रयास किया।
मुस्तफा ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपियों के साथ आए अन्य लोग खेत में मिट्टी डालने लगे। मुसे खान और जुम्मे खान ने मुस्तफा को पकड़ लिया तथा थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। मौके पर काम कर रहे मजदूर मोहम्मददीन, सुरेश आदि ने बीच-बचाव कर आरोपियों को ललकारा तो वे वहां से भाग गए। जाते समय आरोपी धमकी देकर गए कि वे उसकी जमीन में से रास्ता निकालकर रहेंगे, चाहे इसके लिए किसी की जान ही क्यों न लेनी पड़े। न्यायालय के आदेश पर टाउन पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार को सौंपी गई है।
Comments