पंचायत चुनावों के परिणाम जनादेश के रूप में स्वीकार: मदन राठौड़ 

वोट चोरी, ईवीएम पर सवाल उठाने वालों पर भाजपा प्रदेशाध्याक्ष का हमला 

Published On

जयपुर, सच कहूँ न्यूज़। Jaipur News: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव परिणामों को जनादेश के रूप में स्वीकार करती है। भाजपा का स्पष्ट मानना है कि कांग्रेस ने ये चुनाव विशुद्ध रूप से झूठ और फेक नैरेटिव के आधार पर लड़ा, जबकि भाजपा ने सकारात्मक राजनीति करते हुए विकास के मुद्दों को लेकर जनता के बीच अपनी बात रखी। चुनाव परिणामों पर पार्टी सकारात्मक भाव से मंथन करेगी और आगे की रणनीति तय करेगी। राठौड़ ने कहा कि चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और उनके राष्ट्रीय आदर्श एवं लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा राहुल गांधी को जनता से माफी मांगनी चाहिए।

कांग्रेस ने जिस तरह वोट चोरी का माहौल बनाया और संवैधानिक संस्थाओं पर छींटाकशी करते हुए अराजकता का वातावरण तैयार किया, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस लगातार ईवीएम, प्रशासन, चुनाव आयोग और भाजपा पर निराधार आरोप लगाती रही तथा देश के युवाओं को बरगलाने का प्रयास किया। आज चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस नेताओं का जश्न मनाना उनके दोहरे चरित्र को उजागर करता है।

मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं और भारतीय जनता पार्टी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। डोटासरा को अब स्वीकार कर लेना चाहिए कि न तो ईवीएम सेट होती है, न वोट चोरी होती है और न ही निर्वाचन आयोग किसी दबाव में कार्य करता है। चुनाव परिणाम कांग्रेस के झूठे आरोपों पर करारा तमाचा है। राठौड़ ने कहा कि डोटासरा को समझना चाहिए कि यह लोकतंत्र है और भारत बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के दिए संविधान से चलता है, किसी की दादागिरी से नहीं।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts