बहुजन स्वराज संकल्प रैली की तैयारियों में जुटी आसपा, कैराना से लखनऊ कूच करेंगे कार्यकर्ता
संविधान दिवस पर 26 नवंबर को प्रस्तावित रैली को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों ने बनाई रणनीति, सलीम गुर्जर ने सपा-भाजपा पर साधा निशाना
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को लखनऊ में प्रस्तावित बहुजन स्वराज संकल्प रैली को सफल बनाने के लिए आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कैराना में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक आयोजित कर रैली में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति तैयार की गई। इस दौरान आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में लखनऊ पहुंचने का संकल्प लिया। नगर के तालाब रोड स्थित आजाद समाज पार्टी के युवा कैराना विधानसभा अध्यक्ष सलीम गुर्जर के आवास पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के आह्वान पर होने वाली बहुजन स्वराज संकल्प रैली की तैयारियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। रैली में कार्यकर्ताओं के आवागमन, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए युवा विधानसभा अध्यक्ष सलीम गुर्जर ने कहा कि पार्टी पदाधिकारी अपने संसाधनों और निजी खर्च से कार्यकर्ताओं को रैली में ले जाने के लिए बसों एवं भोजन समेत अन्य व्यवस्थाएं कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सपा और भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के पास सपा और भाजपा की तरह सीटों की खरीद-फरोख्त के लिए पैसा नहीं है। उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के पदाधिकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के आह्वान पर बड़ी संख्या में लखनऊ पहुंचकर बहुजन स्वराज संकल्प रैली को सफल बनाने का काम करेंगे।
रैली की सफलता को लेकर पदाधिकारियों ने भरी हुंकार
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रैली की तैयारियों को लेकर अपने सुझाव रखे। साथ ही संविधान दिवस पर आयोजित होने वाली रैली में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। इस दौरान विनोद भैंसवाल प्रमुख एवं शामली विधानसभा प्रत्याशी, मुस्लिम मोर्चा के जिलाध्यक्ष ताहिर बागवान, जिला उपाध्यक्ष बाउल अंसारी, युवा मोर्चा के पूर्व जिला महासचिव जुनैद चौहान, विधानसभा महासचिव शौयब चौधरी, विधानसभा उपाध्यक्ष एवं वार्ड-11 प्रभारी रिजवान, लीगल सेल के जिला महासचिव नदीम सैफी व आसू समेत दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Comments