14 साल के आसिम की एक ई-मेल ने बदला पासपोर्ट कार्यालय का रवैया, RPO संजना आर्य ने कार्यालय बुलाकर किया सम्मानित
विदेश मंत्रालय तक पहुंचाई थी पासपोर्ट कार्यालय में दुर्व्यवहार की शिकायत, 2018 बैच की IFS अधिकारी ने बच्चे के साहस और जागरूकता की सराहना की
मीरापुर, सच कहूँ/कोमल प्रजापति। Mirapur News: महज 14 साल की उम्र में अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता और नागरिक जिम्मेदारी की ऐसी मिसाल पेश की कि उसकी आवाज सीधे विदेश मंत्रालय तक पहुंच गई। यह कहानी है मीरापुर निवासी वरिष्ठ पत्रकार आस मोहम्मद कैफ के बेटे आसिम की, जिसने पासपोर्ट सेवा केंद्र में अपने माता-पिता के साथ कथित दुर्व्यवहार से आहत होकर विदेश मंत्रालय को ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेज दी। शिकायत पर संज्ञान लिया गया और क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी (RPO) संजना आर्य ने आसिम को अपने कार्यालय में आमंत्रित कर उसकी जागरूकता और साहस के लिए सम्मानित किया।
आसिम के पिता आस मोहम्मद कैफ के अनुसार, बीती 9 नवंबर को वह अपने परिवार के साथ साहिबाबाद स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र पहुंचे थे। पासपोर्ट आवेदन में सरनेम के मिलान से जुड़ी समस्या के चलते उन्हें दूसरी तारीख दी गई। इसी दौरान वहां तैनात एक कर्मचारी के बातचीत करने के तरीके को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। कैफ का आरोप है कि कर्मचारी ने उनके और उनकी पत्नी के साथ सख्त एवं आक्रामक लहजे में बात की। उन्होंने कर्मचारी को विनम्रता से बात करने की सलाह दी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें असहज स्थिति का सामना करना पड़ा।
इस पूरे घटनाक्रम को उनके 14 वर्षीय बेटे आसिम ने गंभीरता से लिया। परिवार के साथ रेस्टोरेंट पहुंचने के बाद, जब उसके पिता वहां मौजूद नहीं थे, तब आसिम ने अपने मोबाइल फोन से विदेश मंत्रालय को ई-मेल भेजकर पूरे मामले की जानकारी दी। उसने अपनी शिकायत में स्वयं को 14 वर्षीय आवेदक बताते हुए अपने माता-पिता के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार का विस्तार से उल्लेख किया और पासपोर्ट कार्यालय की व्यवस्था में सुधार की अपेक्षा जताई।
आस मोहम्मद कैफ के मुताबिक, विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उसे क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी संजना आर्य के पास भेज दिया। संजना आर्य ने मामले को गंभीरता से लिया। शिकायत के बाद संबंधित कर्मचारी के व्यवहार को लेकर कार्रवाई की गई। साथ ही कार्यालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कर्मचारियों को आवेदकों और उनके परिजनों के साथ विनम्रता एवं सम्मानपूर्वक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए।
इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी संजना आर्य ने आसिम को विशेष रूप से अपने कार्यालय में आमंत्रित किया। वहां उन्होंने उसकी जागरूकता, साहस और नागरिक जिम्मेदारी की जमकर सराहना की। उन्होंने आसिम को एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर संजना आर्य ने उसे अपने हस्ताक्षरयुक्त बुकमार्क भेंट किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने आसिम का आभार भी जताया कि उसकी शिकायत से कार्यालय की व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता सामने आई।
कौन हैं संजना आर्य?
संजना आर्य भारतीय विदेश सेवा (IFS) की 2018 बैच की अधिकारी हैं। वह कुछ महीने पहले तक दक्षिण कोरिया स्थित भारतीय दूतावास में अपनी सेवाएं दे रही थीं। वर्तमान में वह क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद में क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी (RPO) के पद पर कार्यरत हैं। प्रशासनिक क्षेत्र में उनकी उपलब्धियां और संघर्षों के बीच सफलता हासिल करने का उनका सफर सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जाता है।
बेटे की पहल ने पिता का सीना किया गर्व से चौड़ा
आस मोहम्मद कैफ बताते हैं कि आसिम को शुरुआत में यह जानकारी भी नहीं थी कि संजना आर्य कौन हैं और भारतीय विदेश सेवा में उनकी क्या भूमिका है। बाद में उसने उनके बारे में जानकारी हासिल की। कैफ के मुताबिक, वह स्वयं संजना आर्य के संघर्ष और उपलब्धियों से परिचित थे, लेकिन उनके कार्यालय में बेटे के साथ पहुंचना एक पिता के रूप में उनके लिए बेहद भावुक और गौरवपूर्ण क्षण था।
उन्होंने कहा कि पासपोर्ट कार्यालय में हुई घटना से उन्हें जितनी तकलीफ हुई थी, उससे कहीं अधिक खुशी इस बात की है कि उनके बेटे ने अपनी नाराजगी को केवल शिकायत तक सीमित नहीं रखा, बल्कि व्यवस्था में सुधार की पहल करते हुए एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाई।
आसिम की यह पहल साबित करती है कि अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने और गलत व्यवहार के खिलाफ संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने के लिए उम्र नहीं, बल्कि साहस, समझदारी और जागरूकता मायने रखती है। महज 14 साल के बच्चे की यह पहल अभिभावकों, विद्यार्थियों और युवाओं के लिए भी एक प्रेरणादायक संदेश है कि वे अपने अधिकारों के साथ-साथ नागरिक कर्तव्यों को भी समझें।
Comments