शिक्षा और रोजगार
Chinese Manjha Seized: मकर संक्रांति से पहले सीकर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
25 कार्टूनों में भरकर लाया गया 1500 चरखी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जब्त
जयपुर 25 नवंबर (सच कहूँ ब्यूरो)। मकर संक्रांति के त्योहार से पहले सीकर जिला पुलिस (Sikar Police) ने चाइनीज मांझे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1500 चरखी चाइनीज मांझा जब्त किया है। जब्त मांझे की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है। यह मांझा शहर के विभिन्न इलाकों में बिक्री के लिए पहुंचाया जाना था। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। एसपी संजीव नैन ने बताया कि 24 नवंबर को कोतवाली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आगामी मकर संक्रांति के त्योहार पर बिक्री के लिए ट्रांसपोर्ट के माध्यम से भारी मात्रा में चाइनीज मांझा लाया गया है। मांझे से भरे 25 कार्टून सड़क किनारे रखे हुए हैं और अंधेरा होने पर संबंधित व्यक्ति इन्हें वहां से ले जाने वाला है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मौके पर रवाना किया। टीम को रामलीला मैदान के पास सड़क किनारे कार्टूनों का ढेर मिला। तलाशी लेने पर सभी 25 कार्टूनों में चाइनीज मांझा पाया गया। प्रत्येक कार्टून में 60 चरखी थीं। इस प्रकार कुल 1500 चरखी अवैध चाइनीज मांझा जब्त कर पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।
आमजन और पक्षियों की सुरक्षा के लिए कार्रवाई
चाइनीज मांझा आमजन के साथ-साथ पक्षियों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। मकर संक्रांति के दौरान इसके उपयोग से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस द्वारा अवैध मांझे के कारोबार पर निगरानी रखी जा रही है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति और बिक्री की योजना को समय रहते कार्रवाई कर रोका गया।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज राहुल प्रकाश के निर्देशन तथा जिला पुलिस अधीक्षक सीकर संजीव नैन के पर्यवेक्षण में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह के निर्देशन एवं पुलिस उप अधीक्षक सीकर शहर नवनीत कौर के सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम: थानाधिकारी सुनील जांगिड़, उप निरीक्षक प्रदीप कुमार तथा कांस्टेबल शंकरलाल एवं दलीप कुमार शामिल रहे। कार्रवाई में कांस्टेबल दलीप कुमार की विशेष भूमिका रही।
Comments