Congress Latest News: कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिवों का शिविर जयपुर में, खड़गे व राहुल गांधी रहेंगे मौजूद 

30 नवंबर से 9 दिसंबर तक होगा मंथन

Published On

जयपुर (सच कहूँ न्यूज)।  कांग्रेस के 81 राष्ट्रीय सचिवों के लिए जयपुर के शिवदासपुरा क्षेत्र के पास बाड़ा पदमपुरा में 30 नवंबर से 9 दिसंबर तक दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर लगेगा। शिविर का उदघाटन 30 नवंबर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे, जबकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 9 दिसंबर को समापन सत्र में शामिल होंगे। शिविर की तैयारियों का जायजा लेने के लिए संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल 25 नवंबर को जयपुर आएंगे। आयोजन स्थल पर व्यवस्थाएं शुरू कर दी गई हैं।

कांग्रेस ने 19 नवंबर, गुरुवार को संगठन में फेरबदल करते हुए 81 राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति और पुनर्नियुक्ति की थी। अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद यह सूची संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी हुई थी। इन्हें अलग-अलग राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और संगठन के विभागों की जिम्मेदारी दी गई है और कई सचिव राज्यों में सह-प्रभारी के तौर पर काम करेंगे। इसी सूची में राजस्थान से छह नेता राष्ट्रीय सचिव बने थे और तीन नेताओं भरतपुर की सांसद संजना जाटव, पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा और विजय जांगिड़ को पद से हटाया गया था, , जबकि दानिश अबरार को दिल्ली का प्रभार दिया गया था।

शिविर में वरिष्ठ नेता नए पदाधिकारियों को संगठन की संरचना, राज्यों के संगठन के साथ समन्वय, राजनीतिक रणनीति, जनसंपर्क और पार्टी की विचारधारा से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण देंगे। कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल बैठाने और जनहित के मुद्दों को उठाने के तरीकों पर भी बात होगी। पार्टी का मकसद इन पदाधिकारियों को राज्यों में जिम्मेदारी संभालने से पहले नीतियों और कार्यप्रणाली से परिचित कराना है।

23 साल पहले आई थीं सोनिया गांधी 

बाड़ा पदमपुरा में वर्ष 2003 में यहां पार्टी का तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर हुआ था, जिसमें तत्कालीन अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। इसके बाद यहां प्रदेश स्तर के शिविर भी होते रहे हैं। अब करीब 23 साल बाद इसी जगह राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम हो रहा है। राजस्थान के माउंट आबू में भी कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर हो चुके हैं। इस बार जोर नव नियुक्त और पुनर्नियुक्त राष्ट्रीय सचिवों पर रहेगा। 

यह कार्यक्रम प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव के नतीजों के ठीक बाद हो रहा है, जिनमें कांग्रेस को 37 में से 27 जिला परिषदों में बहुमत मिला है, जबकि 419 पंचायत समितियों में से कांग्रेस ने 269 पंचायत समितियों में जीत/बहुमत हासिल किया है। दस दिन तक राष्ट्रीय नेतृत्व की मौजूदगी से राजस्थान एक बार फिर पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र बनेगा।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts