Fatehabad News: फ्रिज का कम्प्रेसर फटने से घर में लगी भीषण आग, 74 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
पत्नी गंभीर रूप से झुलसी, प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर, घर में अकेले रहते थे बुजुर्ग दंपति
Published On
Refrigerator Compressor Explodes: फतेहाबाद (सच कहूँ/विनोद शर्मा)। शहर की नहर कॉलोनी में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में रखे फ्रिज में शॉर्ट सर्किट होने के बाद कम्प्रेसर जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे कमरे में भीषण आग लग गई। हादसे में 74 वर्षीय गुरदेव गोयल की मौत हो गई, जबकि उनकी 72 वर्षीय पत्नी उषा गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग दंपति नहर कॉलोनी स्थित अपने मकान में अकेले रहते थे। उनके दोनों बेटे रूपेंद्र और राकेश काम के सिलसिले में हिसार और लुधियाना में रहते हैं। बीती रात घर पर काम करने वाली महिला खाना बनाकर चली गई थी। इसके बाद दंपति ने खाना खाया और अपने कमरे में सोने चले गए। कमरे में दोनों सिंगल बेड के बीच फ्रिज रखा हुआ था।
बताया जा रहा है कि रात के समय अचानक फ्रिज में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते फ्रिज का कम्प्रेसर जोरदार धमाके के साथ फट गया। इसके बाद आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया और मकान में धुआं फैल गया। आग और धुएं की चपेट में आने से गुरदेव गोयल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी उषा गंभीर रूप से झुलस गईं।
धमाके और शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायल उषा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Comments