शिक्षा और रोजगार
Civil Hospital: जिला नागरिक अस्पताल में इमरजेंसी के बाहर बनेगा स्मूथ ट्रैक, मरीजों को मिलेगी राहत
एमसीएच निदेशक ने अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
कैथल, सच कहूँ/कुलदीप नैन। Kaithal News: कैथल के सिविल अस्पताल में मरीजों को अब एंबुलेंस से इमरजेंसी वार्ड तक पहुंचने में होने वाली परेशानी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। अस्पताल के सौंदर्यीकरण पर करीब एक साल पहले करोड़ों रुपए खर्च किए गए थे, लेकिन इमरजेंसी के बाहर बनाए गए रास्ते के ऊबड़-खाबड़ होने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब जिला नागरिक अस्पताल में उपलब्ध मिस्त्री और हेल्पर की मदद से इस रास्ते को ठीक करवाया जाएगा।
बता दें कि अस्पताल के ओपन एरिया में लगाए गए ब्लॉक कुछ ही समय बाद ऊंचे-नीचे हो गए। ऐसे में जब एंबुलेंस से घायल या गंभीर मरीज को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के माध्यम से इमरजेंसी तक पहुंचाया जाता है तो रास्ते में झटके लगने से मरीज की परेशानी और बढ़ जाती है। पहले से दर्द से परेशान मरीजों को ऊबड़-खाबड़ रास्ते से गुजरने के दौरान अतिरिक्त तकलीफ उठानी पड़ती है।
एमसीएच निदेशक के सामने रखी थी समस्या
तीन दिन पहले एमसीएच निदेशक ने कैथल सिविल अस्पताल का दौरा किया था। इस दौरान उनके सामने मरीजों को हो रही इस समस्या को उठाया गया। इसके बाद निदेशक ने संबंधित अधिकारियों को इमरजेंसी के बाहर मरीजों की आवाजाही वाले हिस्से में स्मूथ ट्रैक तैयार करवाने के निर्देश दिए, ताकि स्ट्रेचर और व्हीलचेयर आसानी से निकल सकें।
अस्पताल के एसकेएस फंड का होगा इस्तेमाल
निरीक्षण के दौरान एमसीएच निदेशक ने बताया था कि इतने बड़े क्षेत्र को नए सिरे से तैयार करना फिलहाल संभव नहीं है। इसके लिए अस्पताल के एसकेएस फंड का इस्तेमाल करते हुए स्थानीय स्तर पर समस्या का समाधान करने का सुझाव दिया गया है। अस्पताल में उपलब्ध मिस्त्री और हेल्पर की मदद से रास्ते को ठीक करवाया जाएगा। जल्द ही इस दिशा में कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी, जिससे मरीजों की स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की आवाजाही सुगम हो सकेगी।
Comments