Railway Cleanliness Complaint: रेल मदद ऐप से यात्रियों की शिकायतों का त्वरित समाधान

आठ माह में 19,502 शिकायतों का औसतन मात्र 22 मिनट में किया निस्तारण

Published On

Indian Railway Helpline App: जोधपुर, 25 नवंबर (सच कहूँ ब्यूरो)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने यात्रियों की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के मामले में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। मंडल में रेल मदद ऐप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का औसतन मात्र 22 मिनट में समाधान किया जा रहा है। अप्रैल से नवंबर 2026 तक आठ माह की अवधि में मंडल में प्राप्त कुल 19 हजार 502 शिकायतों का निस्तारण किया गया, जो यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मंडल की तत्परता और कार्यकुशलता को दर्शाता है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में यात्रियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए रेल मदद ऐप एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर प्राप्त शिकायतों की नियमित निगरानी की जा रही है। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग एवं अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है, ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान ही राहत मिल सके।

यात्रा के दौरान विभिन्न सुविधाओं के लिए कर सकते हैं अनुरोध

रेल मदद ऐप के माध्यम से यात्री ट्रेन में साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता, बिजली संबंधी समस्याओं, बुजुर्ग यात्रियों के लिए लोअर बर्थ, बच्चों के लिए दूध, दवाइयों तथा आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सीय सहायता जैसी सुविधाओं के लिए अनुरोध कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त यात्री रेलवे से संबंधित अन्य समस्याओं एवं शिकायतों को भी इस ऐप के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं।

शिकायतों के निस्तारण के साथ फीडबैक की भी व्यवस्था

रेल मदद ऐप पर दर्ज शिकायतों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित विभाग तक पहुंचाया जाता है। शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ ही निर्धारित समय में समाधान नहीं होने पर उन्हें उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाता है। शिकायत के समाधान के बाद संबंधित यात्री को इसकी सूचना दी जाती है तथा सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करने और उनमें निरंतर सुधार के उद्देश्य से उनका फीडबैक भी प्राप्त किया जाता है।

रेल मदद ऐप रेलवे और यात्रियों के बीच संवाद का एक प्रभावी डिजिटल माध्यम है। जोधपुर मंडल द्वारा इस ऐप के माध्यम से शिकायतों की सतत निगरानी एवं त्वरित समाधान की व्यवस्था यात्रियों के प्रति संवेदनशीलता, आधुनिक तकनीक के उपयोग और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts