Bribe: रेवाड़ी में 2500 रु. की रिश्वत लेते सब-इंस्पेक्टर गिरफ्तार
प्रोसीडिंग बुक के सत्यापन के बदले मांगी थी रिश्वत
रेवाड़ी, सच कहूँ न्यूज। Rewari News: हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रेवाड़ी जिले में तैनात सहकारी समिति के सब-इंस्पेक्टर विक्रांत को 2500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पाली स्थित देबू कोआॅपरेटिव लेबर एंड कंस्ट्रक्शन सोसायटी लिमिटेड की प्रोसीडिंग बुक (कार्यवाही रजिस्टर) का सत्यापन करने के बदले शिकायतकर्ता राहुल से रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की रेवाड़ी यूनिट ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। शिकायतकर्ता राहुल ने एसीबी को फोन पर बताया था कि सब-इंस्पेक्टर विक्रांत सत्यापन के बदले 2500 रुपये मांग रहा है।
आरोप है कि इसमें 2000 रुपये शराब की बोतल और 500 रुपये अन्य खर्च के नाम पर मांगे गए थे। राहुल ने रकम देने की सहमति जताते हुए इसकी सूचना एसीबी को दे दी। बुधवार को एसीबी टीम ने शिकायतकर्ता को 2500 रुपये देकर अहीर कॉलेज के पीछे स्थित सहकारी समिति के कार्यालय में भेजा। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। इस मामले में गुरुग्राम स्थित एसीबी थाने में केस दर्ज किया गया है।
Comments