पेड़ों की अवैध कटाई पर बड़ा एक्शन, आईएफएस सस्पेंड, केस होगा दर्ज

अलीपुर आरक्षित वन क्षेत्र में कटाई में लापरवाही और संलिप्तता के आरोप

Published On

चंडीगढ़, सच कहूँ न्यूज। Chandigarh News: फरीदाबाद के अलीपुर आरक्षित वन क्षेत्र में सरकारी पेड़ों की कथित अवैध कटाई के मामले में हरियाणा सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के अधिकारी एवं उप वन संरक्षक झलकर उइके को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सरकार द्वारा जारी दो अलग-अलग आदेशों में एक ओर झलकर उइके के निलंबन के निर्देश दिए हैं, वहीं दूसरी ओर अवैध कटाई और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराने को कहा गया है।

चंडीगढ़ स्थित न्यू हरियाणा सचिवालय से जारी निलंबन आदेश के अनुसार, झलकर उइके को अखिल भारतीय सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम, 1969 के नियम 3(1) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। आदेश हरियाणा के राज्यपाल के निदेर्शानुसार जारी किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पंचकूला स्थित प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय निर्धारित किया गया है। वे सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता भी दिया जाएगा।

इस मामले में जारी दूसरे पत्र में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि फरीदाबाद वन मंडल के अलीपुर आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध पेड़ों की कटाई और उससे जुड़ी लापरवाही अथवा संलिप्तता के लिए जिम्मेदार संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। 

ऐसे हुआ पूरे मामले का खुलासा

मामले का खुलासा फरीदाबाद वन मंडल की अलीपुर-शिकारगढ़ बीट में सरकारी पेड़ों की कथित अवैध कटाई की सूचना सामने आने के बाद हुआ। आरोप है कि करीब 20 एकड़ वन क्षेत्र में पौधारोपण कार्य की आड़ में बड़े पैमाने पर सरकारी पेड़ों को काटा गया। जांच के दौरान कथित तौर पर काटे गए सरकारी पेड़ों की लकड़ी नूंह जिले की पुन्हाना लकड़ी मंडी तक पहुंचने का मामला सामने आया। इसके बाद 13 नवंबर को फरीदाबाद और नूंह वन विभाग की संयुक्त टीम ने पुन्हाना में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार आरा मशीनों को सील किया गया। अलीपुर-शिकारगढ़ बीट में कथित अवैध कटाई के मामले में डिप्टी रेंजर अफजल खान तथा दो वन दरोगाओं अंकित और संदीप को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts