Air Pollution: दम घोंटू प्रदूषण! दिल्ली-एनसीआर व हरियाणा में साँस लेना हुआ दूभर
पंचगाँव में एक्यूआई @388
नई दिल्ली/हिसार (संदीप सिंहमार)। सर्दियों के आगमन के साथ ही उत्तर भारत में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर गंभीर रूप धारण कर लिया है। हरियाणा और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली-एनसीआर की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है, जिससे आम जनजीवन और स्वास्थ्य पर गहरा संकट मंडराने लगा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार हरियाणा का पंचगाँव क्षेत्र 388 के वायु गुणवत्ता सूचकांक के साथ देश का सबसे अधिक प्रदूषित इलाका दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग और भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार आने वाले दिनों में भी प्रदूषण के इस खतरनाक स्तर से राहत मिलने की कोई खास उम्मीद नजर नहीं आ रही है। हालांकि गुरुवार को मौसम में आए हल्के बदलाव और छाए बादलों ने लोगों को धूप से जरूर राहत दी, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक क्षेत्र में अच्छी बारिश नहीं होती, तब तक हवा की गुणवत्ता में कोई बड़ा सुधार होना असंभव है।केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़े बताते हैं कि एनसीआर और आसपास के अधिकांश शहरों में हवा अति खराब से गंभीर श्रेणी में बनी हुई है।
सरकारी स्तर पर बढ़ी सख्ती
बढ़ते प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करने के लिए प्रशासनिक और सरकारी स्तर पर प्रयास तेज कर दिए गए हैं। दिल्ली सरकार और संबंधित स्थानीय निकायों ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों के तहत कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसके तहत दिल्ली और एनसीआर के कई हिस्सों में निर्माण और तोड़फोड़ के कार्यों पर रोक लगा दी गई है, साथ ही सड़कों पर धूल उड़ने से रोकने के लिए पानी के छिड़काव और एंटी-स्मॉग गन का उपयोग बढ़ाया गया है। यातायात के दबाव को कम करने और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर लगाम कसने के लिए भी परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चेतावनी
चिकित्सकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि इस जहरीले माहौल में सुबह-शाम की सैर से बचें, खासकर बुजुर्ग, बच्चे और दमा (अस्थमा) या हृदय रोग से पीड़ित मरीज विशेष सावधानी बरतें। घरों से बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग करना चाहिए। फिलहाल उत्तर भारत के लोगों की निगाहें आसमान पर टिकी हैं। हर कोई बारिश का इंतजार कर रहा है ताकि इस मौसमी ठहराव और प्रदूषण के जाल से राहत मिल सके। पर अभी मौसमी स्थित स्पष्ट नहीं है।
पंचगांव अपनी भौगोलिक स्थिति और आसपास के कारणों से वायु प्रदूषण को लेकर भी चर्चा में है। यह मानेसर से लगभग 7 किलोमीटर और गुरुग्राम से करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर एनएच-48 (दिल्ली-जयपुर हाईवे) पर स्थित है। इसमें मुख्य रूप से पाँच गाँव—चंदला (सबसे बड़ा), फजलवास, ग्वालियर, कुकरौला और फुखरपुर शामिल हैं।
आज से बदलेगा मौसम, बूंदाबांदी के आसार
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष एवं मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम 16 नवंबर तक खुश्क परंतु परिवर्तनशील रहने की संभावना है। राज्य में 13 नवंबर से 15 नवंबर के दौरान बीच बीच में आंशिक बादलवाई तथा हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने की संभावना है। जिससे स्मॉग की स्थिति में सुधार होने की संभावना है। इस दौरान राज्य में कहीं कहीं अलसुबह हल्की धुंध भी रहने की भी संभावना है। आईएमडी के बुलेटिन के मुताबिक इस दिनों में जहाँ पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी तो पंजाब और चंडीगढ़ में बूंदाबांदी भी हो सकती है।
Comments