सेवा, समर्पण और अनुशासन का संकल्प लेकर विदा हुए स्काउट-गाइड
कस्बे के डीके कॉन्वेंट स्कूल में तीन दिवसीय भारत स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का दीक्षांत समारोह संपन्न, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: कस्बे के डीके कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय भारत स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का दीक्षांत समारोह बुधवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। समारोह में छात्र-छात्राओं ने अनुशासन, सेवा, समर्पण और सामूहिक कार्य भावना का परिचय देते हुए राष्ट्र एवं समाज की सेवा का संकल्प लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार सेन ने ध्वजारोहण कर स्काउट-गाइड को प्रतिज्ञा दिलाई। मुख्य प्रशिक्षिका गीता रानी ने नवप्रवेशित स्काउट-गाइड को ध्वज के नीचे विधिवत दीक्षा दिलाते हुए देश, समाज एवं विद्यालय की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने और प्रतिदिन एक अच्छा कार्य करने का संकल्प दिलाया।
शिविर के दूसरे सत्र में विभिन्न टोलियों ने आकर्षक तंबुओं का निर्माण करके अपनी रचनात्मकता, कौशल और सामूहिक कार्यक्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि देवी उमराव कौर वैदिक इंटर कॉलेज बनत के प्रधानाचार्य डीपी राणा एवं भारत स्काउट-गाइड शामली के जिला सचिव डॉ. हीरा सिंह ने तंबुओं का निरीक्षण किया। तीसरे सत्र का शुभारंभ मां शारदा के चित्र के सम्मुख डीपी राणा, डॉ. हीरा सिंह, सत्य प्रकाश गर्ग, सेवानिवृत्त सैनिक अशोक कुमार गर्ग, डॉ. ओमपाल सिंह एवं प्रधानाचार्य राजकुमार सेन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।
सेवा, अनुशासन और संस्कारों को जीवन में अपनाएं विद्यार्थी
समारोह के अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड के इतिहास से अवगत कराते हुए अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं को प्रतिदिन सूर्योदय से पूर्व उठने तथा माता-पिता एवं गुरुजनों की आज्ञा का पालन करने की प्रतिज्ञा दिलाई। उन्होंने कहा कि माता बेटियों की सबसे अच्छी मित्र होती हैं, इसलिए छात्राओं को अपनी प्रत्येक बात माता के साथ साझा करनी चाहिए।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी हुए सम्मानित
विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सत्य प्रकाश गर्ग, अशोक कुमार गर्ग, डॉ. ओमपाल सिंह गुरुजी, प्रधानाचार्य राजकुमार सेन, मुख्य प्रशिक्षिका गीता रानी एवं कार्यक्रम समन्वयक कमलेश शर्मा ने पुरस्कार प्रदान करके सम्मानित किया। अंत में स्काउट-गाइड ध्वज को सम्मानपूर्वक उतारा गया तथा राष्ट्रगान के साथ तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का गरिमामय समापन हुआ।
10.jpg)
Comments