Prakritik Chikitsa Divas: प्राकृतिक चिकित्सा दिवस पर वैश्य कॉलेज में सेमिनार का आयोजन
प्राकृतिक चिकित्सा दिवस पर वैश्य कॉलेज में सेमिनार का आयोजन
भिवानी, सच कहूँ/इन्द्रवेश। Bhiwani News: बदलते समय में आधुनिक एलोपैथी चिकित्सा के दुष्प्रभाव को देखते हुए प्राकृतिक चिकित्सा को फिर से महत्व दिया जाने लगा है इसी के चलते प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भिवानी के वैश्य कॉलेज में प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के अवसर पर आयोजित एक सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में बताया गया कि आधुनिक जीवनशैली की भागदौड़ के बीच स्वस्थ रहने की एक नई और प्रभावी राह प्राकृतिक चिकित्सालय ने दिखाई है। हर साल 18 नवंबर को मनाए जाने वाले इस दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को बिना दवाइयों के प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने और शरीर की अपनी आंतरिक चिकित्सा शक्ति को जागृत करने के प्रति जागरूक करना है।
इस आयोजन में विशेषज्ञों ने बताया कि कैसे प्रकृति के पांच मूल तत्वों जल, वायु, मिट्टी, अग्नि और आकाश के संतुलन से गंभीर से गंभीर बीमारियों को जड़ से समाप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान वैश्य महाविद्यालय के प्राचार्य डा. संजय गोयल ने आधुनिक और प्राकृतिक चिकित्सा के अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि नेचुरोपैथी पूरी तरह पंचतत्वों पर आधारित है। प्राकृतिक चिकित्सालय के विशेषज्ञ डा. विकास ने जानकारी दी कि इस पद्धति में कोई कृत्रिम दवाई नहीं दी जाती, बल्कि पेट की अशुद्धियों और टॉक्सिंस को दूर करने के लिए आधुनिक तकनीकों जैसे कोलोन हाइड्रोथेरेपी का उपयोग किया जाता है, जिससे रक्त संचार की रुकावटें दूर होती हैं और व्यक्ति खुद अपने स्वास्थ्य का डॉक्टर बनता है। इस मौके पर अधिवक्ता शिवरत्न गुप्ता, बृजलाल सर्राफ, पवन बुवानीवाला ने बताया कि जब कई बार मेडिकल साइंस पुरानी स्किन एलर्जी या अल्सर जैसे असाध्य रोगों में सीमित हो जाती है, तब प्राकृतिक चिकित्सा चमत्कारिक परिणाम देती है।
उन्होंने बताया कि भिवानी के जगन्नाथ सराफ वैलनेस सेंटर जैसे संस्थानों में न्यूनतम खर्च और आधुनिक सुविधाओं के साथ इन पद्धतियों का लाभ आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। यह सेमिनार भिवानीवासियों के लिए एक आंखें खोलने वाला और बेहद सकारात्मक आयोजन रहा, जिसने यह संदेश दिया कि प्रकृति के करीब रहकर और खान-पान में अनुशासन अपनाकर महंगे मेडिकल खर्चों से बचा जा सकता है।
Comments