4 Students Killed: खड़े खड़े ही मौत की आगोश में चले गए चार स्कूली छात्र
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने खड़ी बस में दे मारी टक्कर
Kannauj School Bus Accident: कन्नौज (सच कहूँ/एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। पिकनिक से लौट रहे स्कूली बच्चों की बस को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में चार बच्चों की जान चली गई, जबकि करीब 35 अन्य घायल हो गए।
हादसा ठठिया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 209वें किलोमीटर के पास सुबह लगभग 5:45 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि स्कूल की बस बच्चों और शिक्षकों को लेकर वापस लौट रही थी। रास्ते में बच्चों के लिए बस को सड़क किनारे रोका गया था। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण बस में बैठे बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई।
बस में करीब 50 विद्यार्थी और छह शिक्षक थे सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में लगभग 50 छात्र और छह शिक्षक मौजूद थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। एंबुलेंस की सहायता से घायलों को तिर्वा स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया। कई घायल विद्यार्थियों का उपचार जारी है। गंभीर रूप से जख्मी स्कूल के प्रिंसिपल और एक छात्र को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।
डीएम और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल
घटना की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने घायल बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। साथ ही चिकित्सकों को सभी घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी विनोद कुमार के अनुसार, दुर्घटना के समय बस एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ी थी और पीछे से आए ट्रक ने उसे टक्कर मारी। हादसे में सुरक्षित बचे विद्यार्थियों और स्कूल कर्मचारियों को दूसरे वाहन से उनके घर भेजने की व्यवस्था की जा रही है। हादसे में घायल एक विद्यार्थी ने बताया कि कन्नौज के पास बच्चों को बाथरूम कराने के लिए बस रोकी गई थी। इसी दौरान पीछे से ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
Comments