ऊंचागांव में निर्माणाधीन पीएसी बटालियन के निरीक्षण पर पहुंचे डीजी पीएसी

डीजी आलोक सिंह ने करीब दो घंटे तक की निर्माण कार्यों की समीक्षा, आवास, बिजली और पेयजल समेत समुचित व्यवस्थाओं को बेहतर करने पर दिया जोर

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: कैराना-कांधला मार्ग पर ऊंचागांव में निर्माणाधीन पीएसी बटालियन का निर्माण कार्य पूरा होने जा रहा है। करीब 65 एकड़ भूमि पर आकार ले रही पीएसी बटालियन का लगभग 87 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। लखनऊ स्थित पीएसी मुख्यालय से पहुंचे महानिदेशक(डीजी) पीएसी आलोक सिंह ने निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए है।

मंगलवार को निर्माणाधीन पीएसी बटालियन परिसर में पहुंचे डीजी आलोक सिंह का बैंड की धुन के साथ स्वागत करते हुए सलामी दी गई। इसके उपरांत, डीजी ने पीएसी एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ में बैठक करके निर्माणाधीन आवासीय एवं अनावासीय भवनों की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने करीब दो घंटे तक निर्माण कार्यों एवं प्रस्तावित व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी हासिल की। बैठक के उपरांत उन्होंने निर्माणाधीन परिसर का स्थलीय निरीक्षण भी किया। इस दौरान डीजी पीएसी ने प्रत्येक आवासीय ब्लॉक में जवानों के रहने की क्षमता के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। इसके अलावा विद्युत आपूर्ति, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं के संबंध में भी पता किया। उन्होंने जवानों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी सुविधाओं के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।

डीजी ने बताया कि करीब 65 एकड़ क्षेत्रफल में पीएसी बटालियन के आवासीय एवं अनावासीय भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। अब तक लगभग 87 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। कुछ अनावासीय भवनों के निर्माण की प्रगति संतोषजनक है। शेष निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। निर्माणदायी संस्था को शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया है। अगले वर्ष पीएसी बटालियन का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर मुरादाबाद जोन के आईजी डॉ. मनोज कुमार, मेरठ सेक्टर की डीआईजी कल्पना सक्सेना, छठी वाहिनी पीएसी मेरठ के सेनानायक प्रेमचंद तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मोहम्मद आरिफ मौजूद रहे। वहीं, सुरक्षा-व्यवस्था के दृष्टिगत कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार भी मुस्तैद नजर आए।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts