Punjab BJP News: पंजाब भाजपा ने 2027 चुनाव के लिए कसी कमर, 16 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति गठित

प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों करेंगे अगुवाई

Published On

Punjab BJP Election Committee: चंडीगढ़, 23 नवम्बर (अश्वनी चावला)। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी प्रदेश चुनाव समिति की घोषणा कर दी है। यह समिति राज्य में होने वाले चुनावों की महत्वपूर्ण तैयारियाँ करेगी और पार्टी की आगामी रणनीति तैयार करने की जिम्मेदारी भी इसी के पास होगी। समिति आगामी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए विभिन्न मुद्दों को तैयार करके उन पर काम करेगी, ताकि भाजपा और उसके उम्मीदवारों की पहुंच आम जनता तक बनाई जा सके।

भारतीय जनता पार्टी की ओर से चुनावी रणनीति तैयार करने और संगठन को मजबूत करने के लिए 16 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया गया है। पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों इस समिति का नेतृत्व करेंगे। समिति में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, सांसदों, पूर्व केंद्रीय मंत्रियों और विधायकों को शामिल किया गया है। भाजपा की ओर से घोषित इस समिति में केवल सिंह ढिल्लों के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, अश्वनी शर्मा, अविनाश राय खन्ना, मनोरंजन कालिया, श्वेत मलिक और विजय सांपला को शामिल किया गया है।

इसके अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री मंत्री श्रीनिवासुलु को भी समिति में जगह दी गई है। समिति में पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को भी शामिल किया गया है। इनके अलावा प्रदेश सचिव मनजीत सिंह मन्ना, पूर्व मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, पंजाब विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर दिनेश बाबू और मुकेरियां से विधायक जंगी लाल महाजन भी इस समिति के सदस्य होंगे।

इसके साथ ही भाजपा ने तीन वरिष्ठ नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया है। इनमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, सह-प्रभारी वरिन्द्र सचदेवा और राज्यसभा सदस्य डॉ. अलका गुर्जर के नाम शामिल हैं। इस तरह समिति में 16 नियमित सदस्यों के अलावा तीन विशेष आमंत्रित सदस्य भी होंगे। प्रदेश चुनाव समिति का मुख्य काम आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति तैयार करना और चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाना होगा।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts