पावन एमएसजी अवतार महोत्सव भंडारा आज, साध-संगत में भारी उत्साह
डेरा सच्चा सौदा के संस्थापक पूजनीय बेपरवाह साईं शाह मस्ताना जी महाराज का पावन अवतार दिवस आज
सरसा (सच कहूँ न्यूज़)। डेरा सच्चा सौदा के संस्थापक पूजनीय बेपरवाह साईं शाह मस्ताना जी महाराज के 135वें पावन अवतार दिवस का ‘एमएसजी अवतार महोत्सव भंडारा आज 24 नवम्बर मंगलवार को शाह सतनाम शाह मस्ताना जी धाम, डेरा सच्चा सौदा सरसा में श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव से मनाया जाएगा। पावन भंडारे की शुरूआत सुबह 11 बजे होगी।
भंडारे में पहुंचने वाली साध-संगत की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था, पेयजल, लंगर-भोजन, स्पीकर, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक प्रबंध पूर्ण कर लिए गए हैं। पावन अवतार दिवस के इस विशेष अवसर को लेकर देश-विदेश की साध-संगत में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इस पावन अवसर पर सच्चे रूहानी रहबर पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन प्रेरणा से मानवता भलाई के कार्य भी किए जाएंगे।
गौरतलब है कि पूजनीय बेपरवाह साईं शाह मस्ताना जी महाराज का पावन अवतार संवत विक्रमी 1948, अर्थात सन् 1891 में कार्तिक मास की पूर्णिमा के दिन गांव कोटड़ा, तहसील गंधेय, रियासत कलायत (बिलोचिस्तान) में पूजनीय पिता श्री पिल्लामल जी के घर तथा पूजनीय माता तुलसां बाई जी की पवित्र कोख से हुआ। उनके पावन अवतार दिवस को डेरा सच्चा सौदा की साध-संगत हर वर्ष श्रद्धा, प्रेम और सेवा भावना के साथ मनाती है।
Comments