एमपी-एमएलए कोर्ट से पूर्व विधायक व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष को बड़ी राहत
मुलायम सिंह के समधी हरिओम यादव, उनके पुत्र छोटू समेत पांचों लोग दोषमुक्त
फिरोजाबाद। Firozabad News: सपा संरक्षक स्व. मुलायम सिंह यादव के समधी/भाजपा नेता एवं सिरसागंज के पूर्व विधायक हरिओम यादव तथा उनके बेटे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह छोटू को न्यायालय से बड़ी राहत मिली है। करीब आठ वर्ष पुराने मामले में अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं विशेष न्यायाधीश एमपी-एमएलए कोर्ट अंकुर चौधरी ने साक्ष्यों के अभाव में पूर्व विधायक हरिओम यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप यादव उर्फ छोटू समेत पांच आरोपितों को दोषमुक्त कर दिया है। इस फैसले से लंबे समय से चल रहे मुकदमे का निस्तारण हो गया।
मामला सिरसागंज थाना क्षेत्र के ग्राम सैनावली में 21 मई 2018 को हुई एक घटना से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार गांव में खेत में पशु घुसने को लेकर गढ़ी पैंगू निवासी श्यामवीर सिंह की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी थी। गंभीर रूप से घायल श्यामवीर ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी। इस मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी रविंद्र कुमार दुबे ने 21 मई 2018 को पूर्व विधायक हरिओम यादव, उनके पुत्र विजय प्रताप सिंह यादव उर्फ छोटू, गौरव यादव, रामनरेश और सुरेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि श्यामवीर सिंह की मौत के बाद पूर्व विधायक, उनके पुत्र और अन्य आरोपितों ने सड़क पर एकत्रित होकर हंगामा किया था। विवेचना पूरी होने पर पुलिस ने आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था।
मामले की सुनवाई अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं विशेष न्यायाधीश एमपी-एमएलए कोर्ट अंकुर चौधरी के न्यायालय में हुई। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों और तथ्यों पर विचार किया गया। अधिवक्ता रंजीत शर्मा ने बताया कि न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूर्व विधायक, उनके पुत्र और तीन अन्य आरोपितों को दोषमुक्त करने का फैसला सुनाया है।
Comments