Kairana Electricity News: बिजली व्यवस्था सुधारने को बदले गए पुराने जर्जर तार, छह घंटे तक बंद रही आपूर्ति बंद

कांधला तिराहे पर बदले गए क्षतिग्रस्त विद्युत पोल, अलीपुर मार्ग पर ढीली लाइनों को किया गया दुरुस्त

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana Electricity News: नगर में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और जर्जर विद्युत ढांचे को दुरुस्त करने के लिए विभाग ने सुधार अभियान को तेज कर दिया है। देवी मंदिर तालाब बिजलीघर से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त विद्युत पोल बदलने, नए पोल लगाने और ढीली पड़ी बिजली लाइनों को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर किया गया। छह घंटे विद्युत आपूर्ति बंद रहने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।

रविवार को विद्युत विभाग की टीम ने नगर की बंजारा बस्ती, कोतवाली के समीप, कांधला तिराहा और अलीपुर मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर विद्युत सुधार कार्य शुरू किया। कांधला तिराहे पर क्षतिग्रस्त विद्युत पोल को बदलने के लिए क्रेन की सहायता ली गई। वहीं, अलीपुर मार्ग पर ढीली पड़ी विद्युत लाइनों को दुरुस्त करने के लिए नए पोल लगाए गए। शाम तक अनुबंधित कंपनी एवं विभाग के कर्मचारी विद्युत लाइनों को व्यवस्थित करने और क्षतिग्रस्त ढांचे को बदलने के कार्य में जुटे रहे।

विद्युत पोल बदलने और लाइनों की मरम्मत के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए संबंधित क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बंद रखी गई। शाम तक शटडाउन रहने के कारण घरेलू उपभोक्ताओं के साथ दुकानदारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी असुविधा रही। हालांकि विद्युत विभाग के इस सुधार अभियान से भविष्य में ढीली लाइनों और क्षतिग्रस्त पोल के कारण उत्पन्न होने वाली समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है।

सुधार कार्य के बाद आपूर्ति बहाल होने पर मिली राहत

विद्युत विभाग के अवर अभियंता अजय कुमार शर्मा ने बताया कि देवी मंदिर तालाब बिजलीघर से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सुधार कार्य कराया गया है। बंजारा बस्ती, कोतवाली के समीप, कांधला तिराहा और अलीपुर मार्ग पर आवश्यकतानुसार नए विद्युत पोल लगाने तथा ढीली लाइनों को दुरुस्त करने का कार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि कार्य के दौरान सुरक्षा के दृष्टिगत शाम साढ़े पांच बजे तक विद्युत आपूर्ति बंद रही है। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित और बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts