धार्मिक स्थल पर संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग, ग्रामीणों में आक्रोश; पुलिस जांच में जुटी
पांच माताओं पर चढ़ी चुनरियों में संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Panjeeth Fire News: गांव पंजीठ में पांच माताओं के धार्मिक स्थल पर चढ़ाई गई चुनरियों में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने का मामला सामने आया है। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। श्रद्धालुओं ने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने का प्रयास बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रविवार सुबह करीब पांच बजे पुजारी रामपाल गांव में स्थित पांच माताओं के धार्मिक स्थल पर पहुंचे। उन्हें पांचों माताओं के स्थानों पर चढ़ाई गई चुनरियां जली हुई मिलीं। यह देखकर वह स्तब्ध रह गए। घटना की जानकारी गांव में फैलते ही ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का धार्मिक स्थल पर जमावड़ा लग गया। ग्रामीणों ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए दोषियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीण पहल सिंह सैनी ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर धार्मिक स्थल की पवित्रता भंग कर क्षेत्र का शांतिपूर्ण माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व भी किसी अज्ञात व्यक्ति ने एक मृत कुत्ते को बोरे में बांधकर माताओं के परिसर में फेंक दिया था। इसके अलावा, परिसर में सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों से संबंधित सामग्री फेंके जाने के भी आरोप हैं। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े स्थल पर इस प्रकार की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। इस दौरान डिंपल शर्मा, घनश्याम सैनी, जोगेन्द्र सैनी, अनमोल सैनी, सुधीर धीमान सहित दर्जनभर से अधिक ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
माहौल बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: सतीश कुमार
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही हैं। प्रथम दृष्टया तंत्र क्रिया के लिए यह सब किया गया है। पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Comments