पीएनबी धोखाधड़ी के आरोपी की दूसरी जमानत अर्जी खारिज

तीन बैंक खातों में 85 करोड़ से अधिक का लेनदेन मिलने का उल्लेख, गंभीर आर्थिक अपराध मानते हुए अदालत ने नहीं दी राहत

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: जलालाबाद स्थित पंजाब नेशनल बैंक के खाताधारकों से धोखाधड़ी के मामले में आरोपी अंकुर सैनी को अदालत से राहत नहीं मिली है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश(एससी-एसटी विशेष) सुरेंद्र कुमार राय ने गंभीर आर्थिक अपराध और विवेचना प्रभावित होने की आशंका के मद्देनजर आरोपी की दूसरी जमानत अर्जी खारिज कर दी है।

सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता(फौजदारी) सतेंद्र धीरयान ने बताया कि थाना थानाभवन में दर्ज मुकदमे में आरोपी अंकुर सैनी की ओर से जमानत प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किया गया था। अभियोजन के अनुसार, आरोपी बैंक में जनरेटर संचालन का कार्य करता था। आरोप है कि उसने खाताधारकों से रकम लेकर बैंक में जमा नहीं की, बल्कि उनकी पासबुक में फर्जी एंट्री करके नकली जमा पर्चियां दे दीं। मामले में कई खाताधारकों ने शिकायतें दर्ज कराई हैं। न्यायालय के आदेश के अनुसार, विवेचना में आरोपी के तीन बैंक खातों में कुल 85 करोड़ 71 हजार 274 रुपये का लेनदेन सामने आया है।

इस संबंध में आयकर विभाग को भी रिपोर्ट भेजी गई है। हालांकि, यह कुल बैंक लेनदेन है, प्रमाणित धोखाधड़ी की रकम नहीं। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने आरोपी को निर्दोष बताते हुए झूठा फंसाने का तर्क दिया, जबकि अभियोजन ने जमानत का विरोध किया। अदालत ने प्रथम दृष्टया उपलब्ध साक्ष्यों और मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की जमानत अर्जी निरस्त कर दी है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts