चोरी की बाइक और अवैध तमंचे के साथ शातिर चोर गिरफ्तार, 11 मुकदमों में नाम आया सामने

चोरी की बाइक और अवैध तमंचे के साथ शातिर चोर गिरफ्तार, 11 मुकदमों में नाम आया सामने

Published On

नोएडा, एजेंसी। Noida News: नोएडा के थाना सेक्टर-39 की पुलिस ने वाहन चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल पुत्र शमसाद के रूप में हुई है।  

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का माल रखने, अवैध हथियार रखने और गिरोहबंद अधिनियम समेत कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर को थाना सेक्टर-39 पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और अपराधियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान पुलिस को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के माध्यम से एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सोम बाजार कट से सेक्टर-43 की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की। यहां से पुलिस ने संदिग्ध विशाल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी विशाल मूल रूप से बिहार के भागलपुर जिले के बिहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बभनगामा का निवासी है।

वर्तमान में वह गौतमबुद्धनगर के थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सदरपुर गांव में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 से आपराधिक मुकदमे दर्ज होने का सिलसिला शुरू हुआ था। वर्ष 2022 में थाना सेक्टर-39 में चोरी के संबंध में चार मुकदमे दर्ज हुए थे।

वर्ष 2023 में भी आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-39 में तीन मुकदमे दर्ज हुए। इसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत भी दर्ज किया गया था। वहीं, वर्ष 2025 में थाना सेक्टर-49 में मुकदमा दर्ज किया गया था। अब 19 नवंबर 2026 को थाना सेक्टर-39 में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल तीन सामान बरामद किए हैं। एक मोटरसाइकिल, .315 बोर का एक अवैध तमंचा और .315 बोर का एक जिंदा कारतूस शामिल है। फिलहाल, आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और बरामद मोटरसाइकिल से संबंधित मामले में आगे की जांच कर रही है।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts