शिक्षा और रोजगार
हाईवे पर बेकाबू ट्रक ने मचाया कहर, पूर्व प्रधान दंपती और छात्र की हुई दर्दनाक मौत
बुजुर्ग समेत तीन लोगों की मौत से मचा कोहराम, घायल निजी अस्पताल में भर्ती
फिरोजाबाद । नेशनल हाईवे पर रामलीला मैदान के पास मंगलवार शाम बेकाबू ट्रक ने दो बाइकों को चपेट में ले लिया। हादसे में पूर्व प्रधान दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पूर्व प्रधान रामवीर, उनकी पत्नी शांति देवी और छात्र शिवांजल को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मक्खनपुर थाना क्षेत्र के गांव खेतरा किशनपुर निवासी पूर्व प्रधान रामवीर (65 साल) पुत्र केशव दयाल मंगलवार सुबह अपनी पत्नी शांति देवी के साथ मैनपुरी के घिरोर क्षेत्र स्थित गांव लोहलखेड़ा अपनी ससुराल में गमी में शामिल होने गए थे। शाम को दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। रामलीला मैदान के पास कट पर पहुंचते ही तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मारते हुए रौंद दिया। हादसे में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसी दौरान पीछे से बाइक पर आ रहे दो युवक आगे हुए हादसे और मौके पर जुटी भीड़ को नहीं देख सके। ट्रक चालक ने भीड़ देखकर अचानक ब्रेक लगाए तो पीछे आ रहे बाइक सवार शिवांजल (20 वर्ष ) पुत्र ब्रजवीर निवासी आवास विकास कॉलोनी और अनुराग पुत्र रघुराज निवासी नगला किला शिकोहाबाद की बाइक ट्रक में पीछे से जा घुसी। दोनों युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। एक ही स्थान पर लगातार हुए दो हादसों से मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूर्व प्रधान दंपती और छात्र शिवांजल को अस्पताल भिजवाया, जबकि अनुराग को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने रामवीर, उनकी पत्नी शांति देवी और शिवांजल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार राणा ने बताया कि हादसे में पूर्व प्रधान दंपती और एक छात्र की मौत हुई है। तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। घायल दूसरे युवक का उपचार कराया जा रहा है। शिवांजल के पिता ब्रजवीर जम्मू-कश्मीर में सेना में तैनात हैं। परिवार में दो बड़ी बहनों के बाद शिवांजल तीसरे नंबर पर था।
Comments