शिक्षा और रोजगार
एक्शन मोड में हिसार नगर निगम की टीमें, बाजारों से रेहड़ियां हटाईं, दुकानदारों का सामान किया जब्त
खुले में कचरा डालने व मिक्स कचरा फैलाने पर 7 चालान कर 1700 रुपये जुर्माना लगाया
हिसार, सच कहूँ/मुकेश। Hisar News: शहर को अतिक्रमण और गंदगी से मुक्त बनाने के लिए नगर निगम की टीमें एक्शन मोड में नजर आईं। मंगलवार को निगम की अलग-अलग टीमों ने शहर के प्रमुख बाजारों, सड़कों और रिहायशी क्षेत्रों में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया। सड़क किनारे खड़ी रेहड़ियां हटवाई गईं और दुकानदारों का सामान जब्त किया गया। वहीं, स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान काटकर जुमार्ना भी लगाया गया।
मेयर प्रवीण पोपली के निर्देश और अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा के मार्गदर्शन में अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरूआत एचएयू गेट नंबर-4 से की गई। इसके बाद एमसी-डीसी कॉलोनी मार्केट, कैंट मार्केट मेन रोड, दिल्ली रोड और साउथ बाईपास पर कार्रवाई की गई। कैंट मार्केट में 4 से 5 दुकानदारों का सामान जब्त किया गया। पटेल नगर में शिकायत मिलने पर सड़क पर खड़ी रेहड़ी हटवाई गई। पुरानी सब्जी मंडी पार्क के आसपास भी अतिक्रमण हटाया गया।
इसके अलावा राजगुरु मार्केट, बालाजी मार्केट, आर्य बाजार, बिश्नोई मंदिर मार्केट, बरवाला चुंगी से पुल तक, तलाकी गेट से बगला रोड चौक और लोकल बस स्टैंड से श्मशान भूमि तक निगम की टीम ने कार्रवाई की। सड़कों और बाजारों को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात सुचारु बनाने पर जोर दिया गया। वहीं, एएसआई विजेता ने गुलाब सिंह चौक के पास खुले में कचरा डालने पर एक दुकानदार का 500 रुपये का चालान किया। निगम की टीमों ने कुल सात चालान कर 1700 रुपये जुमार्ना लगाया। अभियान के दौरान ग्रीन ड्रीम फाउंडेशन की सोनिका सिहाग, एनजीओ सदस्य और निगम कर्मचारी भी मौजूद रहे।
कचरा फैलाने वालों पर भी कसा शिकंजा, काटे चालान
अतिक्रमण के साथ-साथ निगम की टीमों ने स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की। निगमायुक्त सी. जयाश्रद्धा के आदेश और अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा के दिशा-निर्देश पर मिलगेट रोड पर एएसआई सरोज और दरोगा राजेश बागड़ी ने मिक्स कचरा वाहनों में डालने पर पांच रेहड़ी संचालकों के 200-200 रुपये के चालान किए। खुले में कचरा डालने पर एक अन्य रेहड़ी संचालक का 200 रुपये का चालान किया गया।
Comments