शिक्षा और रोजगार
गैंगवार की साजिश नाकाम, अवैध हथियारों सहित पांच युवक गिरफ्तार
बीरू हत्याकांड का बदला लेने के लिए विरोधी गुट से भिड़ने की थी तैयारी
कलायत, सच कहूँ/अशोक राणा। Kalayat News: अपराध शाखा (सीआईए) कलायत की टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए संभावित गैंगवार की साजिश नाकाम कर दी। पुलिस ने हथियारों से लैस पांच युवकों को तितरम-सारण रोड पर नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपित करनाल में हुए बीरू वाल्मीकि हत्याकांड का बदला लेने के लिए विरोधी गुट से भिड़ने की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सागर निवासी क्योड़क, नसीब निवासी राजनगर टोहाना, अमरजीत उर्फ अभिषेक निवासी जांडली कलां, दर्शन निवासी बुवान और अजय निवासी राजनगर टोहाना (फतेहाबाद) के रूप में हुई है।
डीएसपी कलायत रोहताश के अनुसार, पुलिस को तितरम चौक के आसपास हथियारबंद युवकों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। पुलिस ने नाकाबंदी की तो दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांचों युवक वापस भागने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों गुटों के बीच सोशल मीडिया पर लगातार चुनौती और जवाबी चुनौती दी जा रही थी। आरोपितों ने संभावित झड़प के लिए समय और स्थान भी निर्धारित कर लिया था। पुलिस ने आरोपितों से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, दो चाकू, एक तलवार, लकड़ी का डंडा, चार मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
इनमें एक मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट गायब थी और इंजन व चेसिस नंबर मिटाए गए थे, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल चोरी की बताई गई है। पुलिस ने पांचों आरोपितों के खिलाफ थाना तितरम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित सागर के खिलाफ तीन दिन पहले भी सोशल मीडिया पर हथियारों की तस्वीरें अपलोड करने के मामले में केस दर्ज हुआ था।
Comments